Hardoi News: चार साल की देरी पर गरजे सांसद जयप्रकाश रावत, रेल परियोजना जल्द शुरू करने की मांग

Hardoi News: सांसद जयप्रकाश रावत ने संसद में चार साल से लंबित रेल परियोजना का मुद्दा उठाया और काम जल्द शुरू करने की मांग की।

Pulkit Sharma
Published on: 7 Aug 2026 12:54 PM IST
Hardoi News
X

Hardoi News(Photo-Social Media)

Hardoi News: संसद के मानसून सत्र के दौरान हरदोई से भारतीय जनता पार्टी के सांसद जयप्रकाश रावत ने लोकसभा में नियम-377 के तहत हरदोई–सांडी–गुरसहायगंज नई रेल लाइन परियोजना का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने रेल मंत्रालय का ध्यान इस बहुप्रतीक्षित परियोजना के क्रियान्वयन में हो रही लगातार देरी की ओर आकर्षित करते हुए शीघ्र निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की।सदन में अपनी बात रखते हुए सांसद जयप्रकाश रावत ने कहा कि उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल के अंतर्गत प्रस्तावित हरदोई से गुरसहायगंज तक वाया सांडी लगभग 59.30 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन क्षेत्र के विकास की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि इस परियोजना को वर्ष 2019 में लगभग 1302 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत के साथ स्वीकृति मिली थी। इसके बाद उत्तर रेलवे ने इसे प्राथमिकता वाली योजनाओं में शामिल करते हुए अपनी ‘पिंक बुक’ में स्थान दिया और वर्ष 2022 के रेलवे मानचित्र में भी इस प्रस्तावित रेल लाइन को शामिल किया गया।

यह योजना कागजों से बाहर नहीं निकल सकी

सांसद ने कहा कि परियोजना को स्वीकृति मिलने के बाद से विभिन्न वित्तीय वर्षों में इसके लिए बजटीय प्रावधान और अलग-अलग मदों में धनराशि भी आवंटित होती रही है। इसके बावजूद चार वर्षों से अधिक समय बीत जाने के बाद भी यह योजना कागजों से बाहर नहीं निकल सकी है। निर्माण कार्य शुरू न होने से क्षेत्र के लोगों में निराशा बढ़ती जा रही है।जयप्रकाश रावत ने सदन में कहा कि हरदोई, सांडी और आसपास के क्षेत्रों के लोग लंबे समय से इस रेल लाइन की मांग कर रहे हैं। यदि यह परियोजना धरातल पर उतरती है तो न केवल यात्रियों को बेहतर रेल सुविधा मिलेगी, बल्कि व्यापार, कृषि, शिक्षा और रोजगार के नए अवसर भी विकसित होंगे।

साथ ही क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होने से आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।उन्होंने यह भी कहा कि परियोजना में हो रही देरी को लेकर स्थानीय स्तर पर लगातार जनआंदोलन और जनप्रतिनिधियों द्वारा मांग उठाई जाती रही है। क्षेत्र की जनता अब इस योजना को केवल घोषणा तक सीमित नहीं देखना चाहती, बल्कि इसका निर्माण कार्य जल्द शुरू होते हुए देखना चाहती है।अपने संबोधन के अंत में सांसद ने लोकसभा के माध्यम से रेल मंत्री से आग्रह किया कि हरदोई–सांडी–गुरसहायगंज रेल लाइन परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने मंत्रालय से आवश्यक प्रशासनिक और वित्तीय प्रक्रियाओं में तेजी लाकर निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने की मांग की, ताकि वर्षों से लंबित इस महत्वपूर्ण परियोजना का लाभ क्षेत्र की जनता को मिल सके।

Pulkit Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Pulkit Sharma

pulkitsharma@newstracksite.vocalwire.com
Next Story