TRENDING TAGS :
Hardoi News: समय पर नहीं पहुंच रहीं ट्रेनें, हरदोई स्टेशन पर घंटों इंतजार करने को मजबूर यात्री
Hardoi News: बरेली-हापुड़ रेलखंड पर ट्रैक कार्य का असर, हरदोई स्टेशन पर कई ट्रेनें घंटों लेट, यात्रियों को भारी परेशानी का सामना।
Hardoi News
Hardoi News: उत्तर प्रदेश के हरदोई जनपद मे बरेली-हापुड़ रेलखंड पर चल रहे ट्रैक संबंधी कार्य का असर अब हरदोई रेलवे स्टेशन पर भी साफ दिखाई देने लगा है। लखनऊ की ओर जाने वाली कई प्रमुख ट्रेनें घंटों की देरी से चल रही हैं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि यात्रियों की सुविधा के लिए चलाई गई समर स्पेशल ट्रेनें भी निर्धारित समय से काफी विलंब से संचालित हो रही हैं।सबसे अधिक प्रभावित ट्रेनों में 03312 चंडीगढ़-धनबाद समर स्पेशल रही, जो अपने निर्धारित समय से करीब 26 घंटे 20 मिनट की देरी से संचालित हुई।
वहीं 04210 दिल्ली-वाराणसी समर स्पेशल भी अपने तय समय से लगभग 11 घंटे 38 मिनट की देरी से हरदोई स्टेशन पहुंची।इसके अलावा 14208 पद्मावत एक्सप्रेस करीब 9 घंटे 5 मिनट की देरी से स्टेशन पहुंची। 13152 सियालदह एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से 3 घंटे 6 मिनट और 15910 अवध आसाम एक्सप्रेस लगभग 3 घंटे 1 मिनट विलंब से हरदोई रेलवे स्टेशन पर पहुंची। अन्य ट्रेनों में 12204 गरीब रथ एक्सप्रेस करीब डेढ़ घंटे और 22454 मेरठ सिटी-लखनऊ राज्यरानी एक्सप्रेस लगभग 1 घंटा 58 मिनट देरी से संचालित हुई। वहीं 14308 बरेली-प्रयागराज एक्सप्रेस के भी अपने निर्धारित समय से करीब 2 घंटे 9 मिनट की देरी से पहुंचने की संभावना जताई गई।
ट्रेनों की लगातार देरी का असर स्टेशन पर भी दिखाई दिया। प्लेटफॉर्म पर यात्रियों की भीड़ बढ़ती रही और लंबे इंतजार के कारण लोगों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ा। प्लेटफॉर्म संख्या दो और तीन पर पर्याप्त सुविधाएं न होने के कारण अधिकांश यात्री प्लेटफॉर्म संख्या एक पर ही इंतजार करते नजर आए।कई यात्री रेलवे पूछताछ केंद्र पर अपनी ट्रेनों की जानकारी लेने पहुंचे, जबकि बड़ी संख्या में लोग मोबाइल फोन के जरिए ट्रेनों की लाइव लोकेशन और रनिंग स्टेटस देखते रहे। लगातार बदलते समय और अनिश्चितता के कारण यात्रियों में नाराजगी भी देखने को मिली।यात्रियों का कहना है कि अतिरिक्त किराया देकर समर स्पेशल ट्रेनों में यात्रा करने के बावजूद उन्हें समय पर गंतव्य तक पहुंचने की सुविधा नहीं मिल पा रही है। ट्रेनों की देरी के कारण उनके जरूरी कार्य, व्यावसायिक कार्यक्रम और पारिवारिक योजनाएं प्रभावित हो रही हैं।रेल यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि ट्रेनों का संचालन समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए तथा स्टेशन पर यात्रियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि यात्रा के दौरान होने वाली परेशानियों को कम किया जा सके।


