TRENDING TAGS :
Hardoi News: हरदोई में नहीं दिखा नकदी संकट, बैंक और एटीएम से सामान्य रूप से हो रही निकासी
Hardoi News: हरदोई में नकदी संकट की चर्चाओं के बीच की गई पड़ताल में बैंकिंग व्यवस्था सामान्य पाई गई। ग्राहकों ने बताया कि एटीएम और बैंक शाखाओं से बिना किसी परेशानी के नकद निकासी हो रही है तथा किसी प्रकार की नई सीमा या प्रतिबंध लागू नहीं है।
Hardoi News
Hardoi News: हाल के दिनों में प्रदेश के कई जनपदों से ऐसी चर्चाएं सामने आई हैं कि लोगों को बैंकों से नकद धनराशि प्राप्त करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कहीं-कहीं यह भी दावा किया जा रहा है कि बैंक ग्राहकों को सीमित राशि ही दे रहे हैं। इन चर्चाओं की वास्तविकता जानने के लिए हरदोई जिले में पड़ताल की गई, जिसमें ऐसी किसी समस्या की पुष्टि नहीं हो सकी।
शहर के विभिन्न एटीएम और बैंक शाखाओं पर पहुंचकर ग्राहकों से बातचीत की गई। एटीएम से नकदी निकालने आए अमृत रंजन राय ने बताया कि वह नियमित रूप से एटीएम का उपयोग करते हैं। उनके अनुसार पिछले लगभग एक महीने के दौरान उन्हें कभी भी नकदी उपलब्ध न होने जैसी स्थिति का सामना नहीं करना पड़ा। उन्होंने कहा कि दिन हो या रात, अधिकांश एटीएम में पर्याप्त नकदी उपलब्ध रहती है और निकासी सामान्य रूप से हो रही है।
अब तक किसी तरह की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा है
बैंक शाखा से धनराशि निकालकर बाहर आए अर्चित पांडे ने बताया कि उन्होंने बिना किसी परेशानी के 20 हजार रुपये की नकद निकासी की। उनका कहना था कि बैंक कर्मचारियों ने लेनदेन के दौरान किसी प्रकार की सीमा या प्रतिबंध की जानकारी नहीं दी। उन्होंने कहा कि वह अक्सर बैंक में धन जमा और निकासी करते रहते हैं तथा अब तक किसी तरह की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा है। उनके अनुसार नकदी संकट संबंधी चर्चाएं भ्रामक प्रतीत होती हैं।
मामले को लेकर एक्सिस बैंक के असिस्टेंट ब्रांच मैनेजर अंशुमान वाजपेई से भी बातचीत की गई। उन्होंने बताया कि उनके संज्ञान में ऐसी कोई सूचना नहीं है कि ग्राहकों को सीमित नकदी दी जा रही हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि बैंकिंग सेवाएं सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं और नकद लेनदेन पर किसी नई सीमा की जानकारी उन्हें प्राप्त नहीं हुई है। साथ ही उन्होंने कहा कि सरकार या बैंकिंग तंत्र की ओर से भी इस संबंध में कोई विशेष निर्देश जारी नहीं किए गए हैं।इस विषय पर एचडीएफसी बैंक की हरदोई और संडीला शाखाओं के प्रबंधकों से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। फिलहाल हरदोई में की गई पड़ताल के आधार पर बैंकिंग व्यवस्था सामान्य नजर आ रही है और नकदी की कमी जैसी स्थिति सामने नहीं आई है।


