TRENDING TAGS :
Hardoi News: शुद्धिकरण भोज में कढ़ी से मिली सलफास की डिब्बी, 12 लोगों का कराया गया इलाज
Hardoi News: हरदोई के पाली क्षेत्र में शुद्धिकरण भोज के दौरान कढ़ी में सलफास की खुली डिब्बी मिलने से हड़कंप मच गया। कढ़ी खाने वाले 12 लोगों को एहतियातन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कर उपचार कराया गया।
Hardoi News
Hardoi News: हरदोई जिले के पाली क्षेत्र में शुद्धिकरण संस्कार के बाद आयोजित पारिवारिक भोज के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब परोसी जा रही कढ़ी का स्वाद अचानक बेहद कड़वा महसूस हुआ। भोजन कर रहे लोगों ने इसकी शिकायत की तो परिवार के सदस्यों ने तत्काल कढ़ी की जांच शुरू की। जांच के दौरान कढ़ाई की तली में सलफास की खुली डिब्बी मिलने से सभी के होश उड़ गए। आशंका जताई गई कि जहरीला पदार्थ कढ़ी में मिल गया था।जानकारी के अनुसार राहतौरा गांव निवासी नेत्रपाल के भाई संदीप का शनिवार को निधन हो गया था।सोमवार को शुद्धिकरण की रस्म पूरी होने के बाद परिवार की ओर से रिश्तेदारों और परिचितों के लिए भोज रखा गया था। भोजन के दौरान जैसे ही लोगों ने कढ़ी खानी शुरू की, कई लोगों ने उसके स्वाद में असामान्य कड़वाहट होने की बात कही। कुछ ही देर में कुछ लोगों को मतली और चक्कर आने जैसी परेशानियां महसूस होने लगीं।
12 लोगों को तुरंत पाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया
स्थिति को देखते हुए तुरंत कढ़ी परोसना बंद करा दिया गया।परिवार के लोगों ने जब कढ़ाई को पूरी तरह खाली कर देखा तो उसकी तली में सलफास की एक खुली डिब्बी पड़ी मिली। यह देखकर भोज में मौजूद लोगों के बीच दहशत फैल गई। एहतियात के तौर पर कढ़ी खाने वाले सभी 12 लोगों को तुरंत पाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका परीक्षण कर आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया।
उपचार पाने वालों में मोहित, शैलेन्द्र, नेत्रपाल, अंजनी, श्रीपाल, आशीष, रवी, भूरे, सचिन, कमलेश, आनंद और अंकेश शामिल रहे।परिजनों का कहना है कि आखिर सलफास की डिब्बी कढ़ाई तक कैसे पहुंची, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है। घटना के बाद पूरे गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। मामले की सूचना पुलिस को भी दी गई है। पाली थाना प्रभारी विजय कुमार मिश्र ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। यदि पीड़ित पक्ष की ओर से लिखित शिकायत दी जाती है तो मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


