Hardoi News: नाबालिग के नाम से फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

Hardoi News: पिहानी में किशोरी के नाम से फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल बनाकर अनुचित सामग्री प्रसारित करने के मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर साइबर सेल की मदद से जांच शुरू की।

Pulkit Sharma
Published on: 30 July 2026 3:16 PM IST
Fake social media profile in the name of minor, police register case
X

नाबालिग के नाम से फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा (Photo- Social Media)

Hardoi News: हरदोई जिले के पिहानी कोतवाली क्षेत्र में सोशल मीडिया के दुरुपयोग का एक गंभीर मामला सामने आया है। एक अज्ञात व्यक्ति पर 15 वर्षीय किशोरी के नाम से फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल तैयार कर उसकी तस्वीरों का दुरुपयोग करने और आपत्तिजनक वीडियो व संदेश विभिन्न लोगों के मोबाइल नंबरों पर भेजने का आरोप लगा है। घटना के बाद पीड़ित परिवार में भय और चिंता का माहौल है, वहीं क्षेत्र में भी इस मामले को लेकर चर्चा बनी हुई है।परिजनों के अनुसार, आरोपी काफी समय से फर्जी पहचान के जरिए किशोरी की छवि धूमिल करने की कोशिश कर रहा था।

आरोप है कि सोशल मीडिया के माध्यम से अशोभनीय टिप्पणियां और आपत्तिजनक सामग्री साझा कर पीड़िता और उसके परिवार को मानसिक रूप से परेशान किया गया। इस घटना से परिवार की सामाजिक प्रतिष्ठा भी प्रभावित हुई है।पीड़िता के पिता का कहना है कि उन्होंने कई बार स्थानीय पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की, लेकिन समय पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। बाद में उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से मामले की शिकायत की। इसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बुधवार शाम करीब 5:39 बजे संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया।

सामग्री के प्रकाशन या प्रसारण और अन्य संबंधित आरोपों की जांच की जा रही है

पुलिस के अनुसार, दर्ज रिपोर्ट में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 119(2) तथा सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम की धारा 67 के तहत मामला दर्ज किया गया है। इन धाराओं के अंतर्गत इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से अश्लील सामग्री के प्रकाशन या प्रसारण और अन्य संबंधित आरोपों की जांच की जा रही है।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने साइबर सेल और तकनीकी सर्विलांस टीम की सहायता से जांच शुरू कर दी है। सोशल मीडिया अकाउंट, मोबाइल नंबरों और डिजिटल गतिविधियों का विश्लेषण किया जा रहा है ताकि आरोपी की पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपी तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है और पर्याप्त प्रमाण मिलने पर उसके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से उपयोग करें और किसी भी संदिग्ध या आपत्तिजनक ऑनलाइन गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस या साइबर हेल्पलाइन को दें, ताकि ऐसे मामलों पर समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

Pulkit Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Pulkit Sharma

pulkitsharma@newstracksite.vocalwire.com
Next Story