TRENDING TAGS :
Hardoi News: सावन और महाशिवरात्रि को लेकर पुलिस अलर्ट, एसपी ने तैयारियों का लिया जायजा
Hardoi News: आगामी सावन माह और महाशिवरात्रि पर्व को लेकर हरदोई पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। एसपी अशोक कुमार मीणा ने सकाहा मंदिर का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
Hardoi News
Hardoi News: आगामी सावन माह और महाशिवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने थाना बेहटा गोकुल क्षेत्र के प्रसिद्ध सकाहा मंदिर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए पुलिस अधिकारियों और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के बाद पुलिस अधीक्षक ने बताया कि 30 जुलाई से सावन माह प्रारंभ हो रहा है।
सावन के चारों सोमवार पर जिले के विभिन्न शिव मंदिरों और गंगा घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं कांवड़ियों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पहले ही पूरी कर ली हैं।उन्होंने बताया कि जनपद के राजघाट सहित अन्य प्रमुख घाटों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए गोताखोरों और फ्लड पीएसी की तैनाती की गई है। घाटों पर बैरिकेडिंग, दिशा-सूचक संकेतक और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित कर दी गई हैं ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
डीजे संचालकों के साथ बैठक कर उन्हें सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देश दिए गए हैं
कांवड़ मार्गों पर यातायात सुचारु बनाए रखने के लिए होल्डिंग एरिया और डायवर्जन प्लान तैयार किया गया है। वहीं, सुरक्षा की दृष्टि से मार्गों पर लगे लोहे के विद्युत पोलों को प्लास्टिक कवर से ढकवाया गया है, जिससे किसी भी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके।एसपी ने बताया कि मार्गों और प्रमुख मंदिरों पर अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। इसके साथ ही सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की जाएगी, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके।उन्होंने बताया कि डीजे संचालकों के साथ बैठक कर उन्हें सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देश दिए गए हैं। स्पष्ट रूप से कहा गया है कि 12 फीट से अधिक ऊंचाई वाले डीजे का प्रयोग नहीं किया जाएगा, जिससे बिजली लाइनों या अन्य कारणों से किसी हादसे की आशंका न रहे। शराब और मांस की दुकानों के संचालकों को भी आवश्यक हिदायतें दी गई हैं।पुलिस अधीक्षक ने विश्वास जताया कि सभी विभागों के समन्वय और व्यापक सुरक्षा प्रबंधों के चलते सावन माह और महाशिवरात्रि का पर्व जिले में शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराया जाएगा।


