Hardoi News: हरदोई में निजी बस स्टैंड को लेकर प्रशासन सक्रिय, ई-रिक्शों पर भी चलेगा अभियान

Hardoi News: हरदोई में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए प्रशासन निजी बस स्टैंड बनाने की तैयारी में जुट गया है। डीएम और एसपी ने प्रस्तावित स्थलों का निरीक्षण किया, वहीं ई-रिक्शों के खिलाफ भी विशेष चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।

Pulkit Sharma
Published on: 12 May 2026 10:20 PM IST
Hardoi News: हरदोई में निजी बस स्टैंड को लेकर प्रशासन सक्रिय, ई-रिक्शों पर भी चलेगा अभियान
X

Hardoi News

Hardoi News: हरदोई शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जिला प्रशासन ने निजी बस स्टैंड की तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को जिलाधिकारी अनुनय झा ने पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के साथ शहर के बाहर प्रस्तावित निजी बस स्टॉप स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने अलग-अलग रूटों के लिए चयनित स्थानों का मौके पर पहुंचकर जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान सीतापुर मार्ग पर देहात कोतवाली के आगे तथा लखनऊ रूट के लिए एफसीआई गोदाम के पास चिन्हित भूमि को देखा गया।अधिकारियों ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि चयनित जमीन को जल्द समतल कराया जाए ताकि निजी बसों का संचालन व्यवस्थित तरीके से शुरू कराया जा सके। प्रशासन का मानना है कि शहर के भीतर बसों की आवाजाही कम होने से ट्रैफिक दबाव घटेगा और लोगों को जाम की समस्या से राहत मिलेगी।

यात्री सुविधा को बेहतर बनाने के निर्देश

जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से कहा कि बस स्टैंड की व्यवस्था ऐसी बनाई जाए जिससे यात्रियों को सुविधा मिले और यातायात संचालन भी सुचारू बना रहे। उन्होंने उप जिलाधिकारी सदर और नगर पालिका अधिकारियों को निर्माण से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए।इसके साथ ही प्रशासन ने शहर में बढ़ती ई-रिक्शों की संख्या और अनियमित संचालन पर भी सख्त रुख अपनाया है।

जिलाधिकारी ने नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार और एआरटीओ अरविंद कुमार सिंह को संयुक्त रूप से विशेष चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ई-रिक्शों को तय रूट पर ही चलाया जाए और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालान सहित कानूनी कार्रवाई की जाए।प्रशासन का उद्देश्य शहर में लगने वाले जाम को कम करना और यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित बनाना है। निरीक्षण के दौरान कई प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस विभाग के कर्मचारी भी मौजूद रहे।

Shalini singh

Shalini singh

Mail ID - Shalinisingh34678346@gmail.com

Next Story