Hardoi: रेलवे फाटक पर ट्रक फंसा, दोनों ट्रैक बंद; दो मालगाड़ियां प्रभावित, टला बड़ा हादसा

Hardoi News: हरदोई रेलवे फाटक संख्या 277सी पर लोडेड ट्रक फंसने से दोनों रेल ट्रैक बंद रहे। करीब आधे घंटे बाद ट्रक हटाकर रेल संचालन बहाल किया गया।

Pulkit Sharma
Published on: 5 Sept 2026 6:52 PM IST
Hardoi: रेलवे फाटक पर ट्रक फंसा, दोनों ट्रैक बंद; दो मालगाड़ियां प्रभावित, टला बड़ा हादसा
X

Hardoi News: हरदोई रेलवे स्टेशन के नजदीक शनिवार सुबह उस समय रेल प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई, जब रेलवे फाटक संख्या 277 सी पर एक लोडेड ट्रक खराब होकर दोनों रेल पटरियों के बीच फंस गया। ट्रक के पटरी के बीच खड़े होने से अप और डाउन दोनों ट्रैक पर रेल संचालन रोकना पड़ा। गनीमत रही कि समय रहते ट्रक को हटा लिया गया और कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।जानकारी के मुताबिक शनिवार सुबह करीब 10:42 बजे ट्रक संख्या यूपी 44 एटी 1156 रेलवे क्रॉसिंग पार करते समय अचानक खराब हो गया। ट्रक के दोनों रेलवे ट्रैक के बीच रुक जाने की सूचना फाटक पर तैनात गेटमैन ने तत्काल रेल अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही रेलवे के संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। ट्रक को हटाने के लिए तत्काल प्रयास शुरू किए गए।

दो मालगाड़ी हुई प्रभावित

ट्रक लोडेड होने के कारण उसे सामान्य तरीके से हटाना संभव नहीं था। ऐसे में रेल प्रशासन ने हाइड्रा मशीन मंगाई। मौके पर पहुंची हाइड्रा की मदद से ट्रक को रेलवे ट्रैक से बाहर निकालने की कवायद शुरू की गई। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद सुबह लगभग 11:15 बजे ट्रक को पटरियों से हटाया जा सका। इसके बाद रेल यातायात बहाल करने की प्रक्रिया शुरू हुई।ट्रक के रेलवे ट्रैक पर फंसे रहने के दौरान दोनों लाइनों पर रेल संचालन प्रभावित रहा। इस घटना का असर दो मालगाड़ियों पर पड़ा।

रेलवे अधिकारियों ने ट्रक हटने के बाद ट्रैक का निरीक्षण किया और संचालन सामान्य कराया।घटना की जानकारी मिलने के बाद रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) भी मौके पर पहुंच गया। आरपीएफ ने ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। ट्रक चालक की लापरवाही या तकनीकी खराबी समेत अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। रेलवे की ओर से मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।समय रहते ट्रक को पटरी से हटाए जाने से संभावित बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद कुछ समय के लिए रेलवे फाटक के आसपास भी लोगों की आवाजाही प्रभावित रही।

Pulkit Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Pulkit Sharma

pulkitsharma@newstracksite.vocalwire.com
Next Story