हरदोई रेलवे स्टेशन पर अचानक उतरे बड़े साहब, ई-रिक्शा की अव्यवस्था पर भड़के; फुट ओवरब्रिज को लेकर दिए

Hardoi वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने हरदोई रेलवे स्टेशन का औचक निरीक्षण किया, ई-रिक्शा की अव्यवस्था पर नाराजगी जताई और निर्देश दिए।

Pulkit Sharma
Published on: 11 Nov 2026 4:53 PM IST
हरदोई रेलवे स्टेशन पर अचानक उतरे बड़े साहब, ई-रिक्शा की अव्यवस्था पर भड़के; फुट ओवरब्रिज को लेकर दिए
X

Hardoi News: रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं और व्यवस्थाओं की हकीकत परखने के लिए वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने बुधवार को औचक निरीक्षण किया। वह दोपहर करीब एक बजे 22454 राज्यरानी एक्सप्रेस से हरदोई रेलवे स्टेशन पहुंचे। यहां पहुंचते ही उन्होंने प्लेटफॉर्म संख्या तीन से लेकर प्लेटफॉर्म संख्या एक तक विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर में साफ-सफाई, शौचालयों की स्थिति, प्लेटफॉर्म और कैंटीन की व्यवस्थाओं को परखा। कैंटीन में खाद्य पदार्थों की रेट लिस्ट और भुगतान के लिए क्यूआर कोड लगे मिले। उन्होंने संबंधित व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों से जानकारी भी ली।

ई-रिक्शा की अव्यवस्थित पार्किंग पर जताई नाराजगी

स्टेशन परिसर में ई-रिक्शा के अव्यवस्थित ढंग से खड़े होने पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक ने असंतोष जताया। उन्होंने रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्टेशन परिसर में ई-रिक्शा की पार्किंग व्यवस्थित कराई जाए, ताकि यात्रियों को आवागमन में किसी तरह की परेशानी न हो।

फुट ओवरब्रिज की कमी का मुद्दा भी उठा

निरीक्षण के दौरान हरदोई स्टेशन पर फुट ओवरब्रिज की कमी को लेकर भी अधिकारियों के बीच चर्चा हुई। इस समस्या के समाधान के लिए वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक ने संयुक्त रिपोर्ट तैयार कर भेजने के निर्देश दिए।दरअसल, प्लेटफॉर्म संख्या एक से तीन, चार और पांच की ओर जाने के लिए यात्रियों को लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। नया फुट ओवरब्रिज भी प्लेटफॉर्म के मध्य हिस्से में निर्माणाधीन है। ऐसे में ट्रेनों के जनरल और स्लीपर कोच आगे या पीछे की ओर लगने पर कई यात्री जल्दबाजी में रेलवे ट्रैक पार करके प्लेटफॉर्म संख्या एक की ओर पहुंच जाते हैं। इससे यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है।

छुटपुट कमियों को दूर करने के निर्देश

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने बताया कि हरदोई रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया गया है। यहां व्यवस्थाएं संतोषजनक मिली हैं। कुछ छोटी-मोटी कमियां सामने आई हैं, जिन्हें दूर करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने यात्री सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने पर जोर दिया।

Pulkit Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Pulkit Sharma

pulkitsharma@newstracksite.vocalwire.com
Next Story