TRENDING TAGS :
Hardoi News : हरदोई लूटकांड का खुलासा: पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाश गिरफ्तार, जेवर बरामद
Hardoi News : हरदोई पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लूटे गए जेवर और हथियार बरामद किए।
Hardoi Police Encounter News
Hardoi News : हरदोई पुलिस ने सांडी थाना क्षेत्र में हुई झपटमारी की वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लग गई, जबकि एक पुलिसकर्मी भी घायल हो गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए सोने के आभूषण, अवैध तमंचा, कारतूस और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है।पुलिस के अनुसार 29 अप्रैल 2026 को सांडी थाना क्षेत्र में अमित कुमार की भाभी सविता से बाइक सवार दो युवकों ने कान का सोने का झाला झपट लिया था। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई थी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक हरदोई ने घटना के खुलासे के लिए विशेष टीम गठित की थी। टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और सर्विलांस की मदद से संदिग्धों की पहचान की।पुलिस को बुधवार देर रात मुखबिर से सूचना मिली कि घटना में शामिल बदमाश बघौली रोड की ओर आने वाले हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर चेकिंग अभियान शुरू किया। इसी दौरान बाइक सवार दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों भागने लगे और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
मुठभेड़ के दौरान एक कांस्टेबल भी घायल
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी शीलू के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। वहीं दूसरे आरोपी अमित को पुलिस ने मौके पर दबोच लिया। मुठभेड़ के दौरान कांस्टेबल बृजेश कुमार शुक्ला भी घायल हो गए। घायल पुलिसकर्मी और आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।पूछताछ में दोनों आरोपियों ने सांडी क्षेत्र में महिला से सोने का झाला लूटने की बात कबूल की। साथ ही उन्होंने बताया कि 18 अप्रैल को सुरसा थाना क्षेत्र में भी एक व्यक्ति के बैग से सोने का दूसरा झाला चोरी किया था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शीलू पुत्र निर्मल और अमित पुत्र मधुरपाल निवासी ग्राम गोधाई मजरा नयागांव, थाना कोतवाली देहात, जनपद हरदोई के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से बिना नंबर की मोटरसाइकिल, दो सोने के झाले, दो मोबाइल फोन, एक .315 बोर तमंचा, जिंदा कारतूस और खोखा कारतूस बरामद किया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


