TRENDING TAGS :
Hardoi News: हरदोई RTO में भ्रष्टाचार, बिना ट्रेनिंग मिल रहे ड्राइविंग लाइसेंस
Hardoi News: हरदोई परिवहन कार्यालय में भ्रष्टाचार के आरोप, बिना प्रशिक्षण जारी हो रहे ड्राइविंग लाइसेंस
Hardoi RTO Corruption News
Hardoi News: हरदोई जनपद का उप सम्भागीय परिवहन कार्यालय (एसडीटीओ) इन दिनों गंभीर आरोपों के घेरे में है। यहां भ्रष्टाचार और दलाली का खुला खेल चलने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दीपक ट्रेंडलिंक ट्रेनिंग सेंटर की मिलीभगत से बिना प्रशिक्षण और टेस्ट पास किए लोगों को ड्राइविंग लाइसेंस जारी किए जा रहे हैं।
इससे न केवल परिवहन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं बल्कि सड़क सुरक्षा पर भी बड़ा खतरा मंडरा रहा है।बताया जा रहा है कि जिन आवेदकों ने न तो निर्धारित प्रशिक्षण लिया और न ही अनिवार्य परीक्षा पास की, उन्हें भी दलालों और प्रशिक्षण केंद्र के सहयोग से लाइसेंस मिल जा रहे हैं। इससे साफ झलकता है कि विभागीय अधिकारी और निजी संस्थान मिलकर नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं।
कांग्रेस के प्रदेश महासचिव निर्भान सिंह यादव के नेतृत्व में परिवहन कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया गया
इस भ्रष्टाचार के खिलाफ उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव निर्भान सिंह यादव के नेतृत्व में परिवहन कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी करते हुए मांग की कि भ्रष्टाचार में शामिल अधिकारियों और प्रशिक्षण केंद्र के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। उन्होंने कहा कि इस तरह की मिलीभगत से अयोग्य लोग वाहन चलाने के लाइसेंस पा रहे हैं, जिससे आम जनता की जान जोखिम में है।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मामले की उच्चस्तरीय जांच नहीं कराई गई और दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान कार्यालय परिसर में भारी पुलिस बल भी तैनात किया गया था ताकि किसी तरह की अराजक स्थिति न उत्पन्न हो।फिलहाल यह मामला हरदोई परिवहन कार्यालय की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है और जनता भी यह जानने को उत्सुक है कि क्या इस बार विभाग पर लगे आरोपों की जांच ईमानदारी से होगी या फिर मामला दबा दिया जाएगा।


