Hardoi News : एसडीएम की गाड़ी पर हमला, निरीक्षण के दौरान विवाद के बाद पथराव

Hardoi News : शाहाबाद में निरीक्षण के दौरान विवाद के बाद एसडीएम की गाड़ी पर पथराव, सिर में चोट, पुलिस ने कई धाराओं में केस दर्ज किया।

Pulkit Sharma
Published on: 8 Jun 2026 11:03 PM IST
Hardoi News : एसडीएम की गाड़ी पर हमला, निरीक्षण के दौरान विवाद के बाद पथराव
X

Hardoi News 

Hardoi News : हरदोई जिले के शाहाबाद क्षेत्र में सोमवार शाम प्रशासनिक निरीक्षण के दौरान हुए विवाद ने अचानक तनावपूर्ण रूप ले लिया। घटना में शाहाबाद के उपजिलाधिकारी (एसडीएम) की सरकारी गाड़ी पर हमला किए जाने और उन पर पथराव करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, शाहाबाद के उपजिलाधिकारी सुशील कुमार मिश्र सोमवार को क्षेत्र में बाढ़ चौकियों का निरीक्षण करने गए थे। निरीक्षण के बाद लौटते समय उन्होंने ग्राम परियल के पास स्थित सरकारी अन्नपूर्णा राशन दुकानों का भी जायजा लिया।

बताया जाता है कि निरीक्षण के दौरान एक दुकान में राशन वितरण के साथ-साथ परचून का सामान भी बेचा जा रहा था, जिस पर एसडीएम ने आपत्ति जताई और संबंधित लोगों से जानकारी मांगी।इसी दौरान वहां मौजूद उदयवीर नामक व्यक्ति और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि उदयवीर ने एसडीएम के साथ अभद्र व्यवहार किया। स्थिति को देखते हुए प्रशासनिक टीम उसे अपने साथ ले जाने लगी। इसी बीच उदयवीर ने गांव के अन्य लोगों को फोन कर मौके पर बुला लिया।

उपजिलाधिकारी के सिर में चोट लग गई

आरोप है कि कुछ ही देर में एकत्र हुए ग्रामीणों ने एसडीएम की सरकारी गाड़ी को घेर लिया और बांस के डंडों से हमला कर दिया। इसके साथ ही पथराव भी किया गया। इस दौरान उपजिलाधिकारी के सिर में चोट लग गई। घटना के बाद उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहाबाद ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया। बाद में बेहतर चिकित्सा के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। चिकित्सकीय जांच और उपचार के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। अधिकारियों के अनुसार उनकी स्थिति सामान्य है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी सक्रिय हो गए। क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रण में लिया गया। पुलिस ने मामले में नामजद और अन्य आरोपितों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।प्रशासन का कहना है कि कानून व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है और घटना में शामिल लोगों के विरुद्ध साक्ष्यों के आधार पर कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Pulkit Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Pulkit Sharma

Next Story