Hardoi News: शटर गिराकर भागा दुकानदार, पुलिस ने तोड़ा ताला तो अंदर का नजारा देख रह गए लोग हैरान

Hardoi News: हरदोई के शाहाबाद मुख्य बाजार में कपड़े की दुकान के अंदर महिला के बंद होने की सूचना पर पुलिस पहुंची। पुलिस को देखकर दुकानदार शटर गिराकर फरार हो गया। पुलिस ने ताला तोड़कर महिला को सुरक्षित बाहर निकाला।

Pulkit Sharma
Published on: 26 Nov 2026 2:33 PM IST
Hardoi News: शटर गिराकर भागा दुकानदार, पुलिस ने तोड़ा ताला तो अंदर का नजारा देख रह गए लोग हैरान
X

Hardoi News

Hardoi News: शाहाबाद कस्बे के मुख्य बाजार में गुरुवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक कपड़े की दुकान के अंदर महिला के बंद होने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस टीम को दुकान की ओर आता देखकर दुकानदार कथित तौर पर शटर गिराकर वहां से भाग निकला। इसके बाद पुलिस ने दुकान का ताला तोड़कर अंदर बंद महिला को सकुशल बाहर निकाला। घटना की जानकारी फैलते ही बाजार में लोगों की भीड़ जमा हो गई।

जानकारी के अनुसार, शाहाबाद के मुख्य बाजार में डॉ. खरबंदा की क्लीनिक के पास लक्ष्मी दत्त ऋषि कुमार नाम से कपड़े की दुकान संचालित है। दोपहर के समय किसी व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी कि दुकान के भीतर एक महिला बंद है। मामला गंभीर होने के कारण पुलिस ने बिना देर किए मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पुलिस की गाड़ी और जवानों को अपनी दुकान की तरफ आते देखकर कारोबारी घबरा गया। उसने आनन-फानन में दुकान का शटर गिराया और मौके से फरार हो गया। दुकानदार के इस तरह अचानक चले जाने से आसपास के व्यापारियों और राहगीरों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई।

ताला तोड़कर महिला को निकाला बाहर

पुलिस ने दुकान के अंदर महिला की मौजूदगी की पुष्टि करने के बाद ताला तुड़वाया। इसके बाद महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। पुलिस अब महिला से पूछताछ कर रही है, ताकि उसकी पहचान और दुकान के भीतर बंद होने की वजह का पता लगाया जा सके।

दुकानदार की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस के अनुसार, महिला को सकुशल बरामद कर लिया गया है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है कि वह कौन है, कहां से आई थी और दुकान के अंदर किन परिस्थितियों में बंद थी। इसके साथ ही पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। दुकान संचालक की तलाश में भी पुलिस टीम जुटी हुई है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Pulkit Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Pulkit Sharma

pulkitsharma@newstracksite.vocalwire.com
Next Story