TRENDING TAGS :
Hardoi News: लाखों की लागत, कुछ साल का साथ! हरदोई स्टेशन का विशालकाय पंखा बंद
Hardoi News: हरदोई रेलवे स्टेशन पर लाखों रुपये की लागत से लगाया गया विशालकाय पंखा कुछ ही वर्षों में बंद हो गया। रखरखाव और सार्वजनिक धन के उपयोग पर सवाल उठ रहे हैं।
Hardoi News(Photo-Social Media)
Hardoi News: हरदोई रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत योजना के तहत कराए गए विकास कार्यों के बीच एक बार फिर यात्रियों की सुविधा से जुड़ा बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। स्टेशन परिसर में यात्रियों को गर्मी से राहत देने के उद्देश्य से लगाया गया विशालकाय एचवीएलएस (हाई वॉल्यूम लो स्पीड) फैन लंबे समय से बंद पड़ा है। बताया जा रहा है कि यह पंखा पिछले कुछ वर्षों में कई बार खराब हो चुका है और इस बार भी तकनीकी खराबी के कारण काम नहीं कर रहा है।रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस पंखे के रखरखाव की जिम्मेदारी चेन्नई स्थित संबंधित कंपनी के पास है। खराबी आने के बाद इसकी सूचना कंपनी को दे दी गई है, लेकिन दूरी अधिक होने के कारण मरम्मत में समय लग रहा है। अधिकारियों का कहना है कि बार-बार खराब होने और लंबे समय तक बंद रहने के कारण अब इस पंखे को लगभग अनुपयोगी मानते हुए इसके स्थान पर दीवारों पर सामान्य पंखे लगा दिए गए हैं।
दीवार पर लगाया गये पंखों से यात्री ना खुश, बोले दीवार के पास लगती हल्की हवा
हालांकि, रेलवे अधिकारियों की यह व्यवस्था यात्रियों को संतुष्ट नहीं कर पा रही है। यात्रियों का कहना है कि दीवारों पर लगाए गए छोटे पंखों से केवल उनके पास खड़े लोगों को ही हवा मिलती है, जबकि पहले लगा विशालकाय एचवीएलएस फैन पूरे प्रतीक्षालय क्षेत्र में समान रूप से हवा पहुंचाता था। गर्मी के मौसम में प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री इसकी सुविधा का लाभ उठाते थे।यात्रियों के बीच इस बात को लेकर भी चर्चा है कि जिस उपकरण पर लाखों रुपये खर्च किए गए, वह महज दो-तीन वर्षों में बार-बार खराब होकर अंततः बंद हो गया।
इससे कार्य की गुणवत्ता और रखरखाव व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि महंगी सुविधाएं टिकाऊ नहीं हैं तो सरकारी धन का उद्देश्य पूरा नहीं हो पा रहा है।रेल यात्रियों ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए। यदि उपकरण की गुणवत्ता या रखरखाव में किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित संस्था के खिलाफ कार्रवाई की जाए। साथ ही हरदोई रेलवे स्टेशन पर दोबारा आधुनिक एचवीएलएस फैन लगाया जाए, ताकि स्टेशन पर आने वाले हजारों यात्रियों को बेहतर और स्थायी सुविधा मिल सके।


