Hardoi News: एक झपकी और गायब हो गया लैपटॉप! हरदोई स्टेशन पर जीआरपी ने दो को पकड़ा

Hardoi News: हरदोई रेलवे स्टेशन पर यात्री की एक झपकी में लैपटॉप चोरी हो गया। जीआरपी ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को पकड़ा।

Pulkit Sharma
Published on: 23 Aug 2026 8:05 PM IST
Hardoi News
X

Hardoi News(Photo-Social Media)

Hardoi News: ट्रेन में सफर के दौरान नींद लगना एक यात्री को भारी पड़ गया। बालामऊ के पास यात्री की आंख खुली तो उसका बैग गायब था। बैग में लैपटॉप, मोबाइल फोन, जरूरी दस्तावेज और नकदी समेत कई अहम सामान रखा था। मामले की जांच में जुटी जीआरपी हरदोई ने दो युवकों को गिरफ्तार कर चोरी गए सामान में से लैपटॉप और कुछ अन्य वस्तुएं बरामद करने का दावा किया है।

रेलवे में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत जीआरपी की टीम ने रविवार को हरदोई रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो के पश्चिमी छोर पर सीतापुर पुल के नीचे चेकिंग की। इसी दौरान पुलिस ने दो युवकों को संदिग्ध परिस्थितियों में पकड़ा। पूछताछ और तलाशी के दौरान उनके पास से काले रंग का टूटा हुआ HP Envy लैपटॉप, उसका चार्जिंग केबल, एक आधार कार्ड और 10,170 रुपये बरामद हुए।पुलिस के मुताबिक पकड़े गए युवकों की पहचान विमलेश निवासी हरसिंहपुर और सूरज निवासी ओमनगर, थाना कोतवाली देहात हरदोई के रूप में हुई है। दोनों को आवश्यक कार्रवाई के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

नौचंदी एक्सप्रेस से लखनऊ जा रहे थे

मामला 20 अगस्त का है। लखनऊ के चिनहट क्षेत्र निवासी राकेश कुमार चौरसिया किसी बैठक में शामिल होने के लिए नौचंदी एक्सप्रेस से लखनऊ जा रहे थे। वह ट्रेन में सो गए। बालामऊ रेलवे स्टेशन के आसपास उनकी नींद खुली तो उन्होंने अपना लैपटॉप बैग गायब पाया। बैग में HP Envy लैपटॉप के अलावा दो मोबाइल फोन, पेन ड्राइव, डिजिटल सिग्नेचर, कार्यालय से जुड़े दस्तावेज, चाबियां, पहचान संबंधी कागजात, मोबाइल चार्जर, घड़ी, पर्स और नकदी सहित काफी सामान रखा था।बताया गया कि लैपटॉप में कार्यालय के ई-ऑफिस से संबंधित लॉगिन और अन्य महत्वपूर्ण सामग्री भी मौजूद थी। यात्री ने घटना की जानकारी जीआरपी को दी, जिसके बाद जांच शुरू की गई।

पुलिस टीम ने जांच और चेकिंग के दौरान दोनों आरोपितों को हरदोई रेलवे स्टेशन के पास पकड़ लिया। पूछताछ में पुलिस ने दोनों के रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में यात्रियों के सामान पर नजर रखने की बात सामने आने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी मौका देखकर यात्रियों के मोबाइल, नकदी और अन्य सामान पर हाथ साफ करते थे।जीआरपी ने बरामद लैपटॉप और अन्य सामान को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब चोरी हुए मोबाइल फोन और अन्य सामान की बरामदगी के साथ यह भी पता लगाने में जुटी है कि दोनों युवक पहले कितनी घटनाओं में शामिल रहे हैं।

Pulkit Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Pulkit Sharma

pulkitsharma@newstracksite.vocalwire.com
Next Story