Hardoi News: तिरंगा लेकर सड़कों पर उतरे खिलाड़ी, हरदोई में गूंजे देशभक्ति के नारे

Hardoi News: हरदोई में स्पोर्ट्स स्टेडियम से यूथ कनेक्ट तिरंगा रैली निकाली गई। खिलाड़ियों, एनसीसी कैडेट और पीआरडी जवानों ने तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारे लगाए।

Pulkit Sharma
Published on: 8 Aug 2026 3:33 PM IST
Hardoi News: तिरंगा लेकर सड़कों पर उतरे खिलाड़ी, हरदोई में गूंजे देशभक्ति के नारे
X

Hardoi News

Hardoi News: स्वतंत्रता और राष्ट्रप्रेम की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से शनिवार को स्पोर्ट्स स्टेडियम हरदोई से यूथ कनेक्ट तिरंगा रैली निकाली गई। हाथों में तिरंगा लेकर बड़ी संख्या में खिलाड़ी, एनसीसी कैडेट और प्रांतीय रक्षक दल के जवान जब सड़कों पर निकले तो पूरा माहौल देशभक्ति के रंग में रंग गया। रैली के दौरान युवाओं ने भारत माता की जय और देशभक्ति से जुड़े नारे लगाए।रैली का शुभारंभ स्पोर्ट्स स्टेडियम परिसर से हुआ। क्रीड़ाधिकारी मंजू शर्मा ने जिलाधिकारी अनुनय झा का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

इसके बाद जिलाधिकारी ने स्वयं हाथ में तिरंगा लेकर रैली में सहभागिता की। उन्होंने तिरंगा लहराते हुए रैली को महाराणा प्रताप डिग्री कॉलेज के लिए रवाना किया।रैली में स्पोर्ट्स स्टेडियम के करीब 250 खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इनके साथ महाराणा प्रताप डिग्री कॉलेज के एनसीसी कैडेट और प्रांतीय रक्षक दल के जवान भी कदम से कदम मिलाकर चलते नजर आए। तिरंगे के साथ निकली युवाओं की टोली में खासा उत्साह दिखाई दिया। रास्ते भर देशभक्ति के नारों से वातावरण गूंजता रहा।

राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी और एकजुटता का संदेश दिया

महाराणा प्रताप डिग्री कॉलेज पहुंचने के बाद रैली का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया। कार्यक्रम के दौरान मौजूद अधिकारियों ने युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी और एकजुटता का संदेश दिया। इसके बाद प्रतिभागियों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई।कार्यक्रम में सिटी मजिस्ट्रेट एवं रैली के संयोजक संजय कुमार, डीडीओ कमलेश कुमार, महाराणा प्रताप डिग्री कॉलेज के प्राचार्य निखिलेश शरण, प्रभारी युवा कल्याण अधिकारी, सीएसएन एकेडमी के केके सिंह, एथलेटिक्स कोच पुनीत सिंह, फुटबॉल प्रशिक्षक महताब अहमद, एथलेटिक्स कोच आशीष पाल, जिम ट्रेनर अक्षत श्रीवास्तव, बैडमिंटन कोच प्रशांत निगम, लिपिक विनय प्रताप, दिवाकर मिश्रा, छोटे भइया, सूरज तिवारी और सूर्य प्रताप सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे।कार्यक्रम का संचालन मनीष मिश्रा ने किया। अंत में क्रीड़ाधिकारी मंजू शर्मा ने रैली में शामिल सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, कैडेटों और जवानों का आभार जताया।

Pulkit Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Pulkit Sharma

pulkitsharma@newstracksite.vocalwire.com
Next Story