Hardoi News : हरदोई में सघन वाहन चेकिंग, 1429 चालान, 205 वाहन सीज, पुलिस की सख्त कार्रवाई

Hardoi News : हरदोई में यातायात पुलिस का सघन अभियान, नियम उल्लंघन पर 1429 चालान और 205 वाहन किए गए सीज

Pulkit Sharma
Published on: 20 May 2026 9:50 PM IST
Hardoi News : हरदोई में सघन वाहन चेकिंग, 1429 चालान, 205 वाहन सीज, पुलिस की सख्त कार्रवाई
X

Hardoi Traffic Drive

Hardoi News : हरदोई जनपद में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने विशेष अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिलेभर के प्रमुख चौराहों, बाजारों, हाईवे और संवेदनशील इलाकों में व्यापक स्तर पर वाहन चेकिंग की गई। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।चेकिंग अभियान में सबसे ज्यादा कार्रवाई बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों पर हुई। पुलिस ने ऐसे 1052 वाहन चालकों का चालान किया।

वहीं तीन सवारी बैठाकर बाइक चलाने वाले 159 लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाते पाए गए 146 लोगों पर नियमानुसार चालान किया गया।इसके अलावा सीट बेल्ट का प्रयोग न करने वाले चार पहिया वाहन चालकों पर भी पुलिस की नजर रही। इस दौरान 18 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई। मोबाइल फोन पर बात करते हुए वाहन चलाने वाले 12 चालकों का भी चालान काटा गया। पुलिस ने गलत नंबर प्लेट या टूटी नंबर प्लेट लगाकर वाहन चलाने वालों पर भी सख्ती दिखाई और ऐसे 73 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की।

लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया

पूरे अभियान के दौरान कुल 1429 वाहनों के चालान किए गए। यातायात नियमों के उल्लंघन पर करीब 27 लाख 30 हजार रुपये का शमन शुल्क वसूला गया। वहीं गंभीर नियम उल्लंघन के मामलों में 205 वाहनों को सीज भी किया गया।अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों ने केवल चालान कार्रवाई ही नहीं की, बल्कि लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया। वाहन चालकों को हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व के बारे में जानकारी दी गई तथा मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए वाहन न चलाने की सलाह दी गई।यातायात पुलिस ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि नियमों का पालन करना केवल कानूनी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों की सुरक्षा के लिए भी बेहद जरूरी है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार चलाए जाते रहेंगे।

Shalini Rai

Shalini Rai

Mail ID - raishalini910@gmail.com

Next Story