TRENDING TAGS :
Hardoi News: हरदोई में पानी की टंकी पर चढ़ी महिला, तीन घंटे चला हाई वोल्टेज ड्रामा
Hardoi News: हरदोई के नवीन गल्ला मंडी क्षेत्र में एक महिला के पानी की टंकी पर चढ़ जाने से तीन घंटे तक हाई वोल्टेज ड्रामा चला। सूचना पर पहुंची पुलिस और दमकल विभाग ने समझाइश के बाद महिला को सुरक्षित नीचे उतार लिया और पूछताछ के लिए थाने ले जाया गया। मामले की जांच जारी है।
Hardoi News
Hardoi News: हरदोई शहर के नवीन गल्ला मंडी क्षेत्र में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक महिला अचानक ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गई। टंकी पर महिला को खड़ा देखकर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई और मामले की सूचना तत्काल पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और अन्य संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंच गईं।महिला के टंकी पर चढ़ने के बाद करीब तीन घंटे तक हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। टंकी की ऊंचाई अधिक होने के कारण अधिकारियों को महिला से बातचीत करने और उसे सुरक्षित नीचे उतारने में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा। इस दौरान पुलिस लगातार महिला को समझाने का प्रयास करती रही। मौके पर मौजूद लोगों की निगाहें भी टंकी पर टिकी रहीं और क्षेत्र में भारी भीड़ एकत्र हो गई।
पुलिसकर्मियों ने सावधानी बरतते हुए महिला को सुरक्षित नीचे उतारा
काफी प्रयासों के बाद महिला के पति भी मौके पर पहुंचे। पति और पुलिसकर्मियों की समझाइश के बाद महिला टंकी से नीचे उतरने के लिए राजी हुई। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने सावधानी बरतते हुए महिला को सुरक्षित नीचे उतारा। महिला के नीचे आते ही पुलिस उसे अपने साथ वाहन में बैठाकर पूछताछ के लिए ले गई।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार महिला की पहचान प्रीति यादव पत्नी अनिल यादव के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि वह मूल रूप से हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली है, जबकि वर्तमान में देहात कोतवाली क्षेत्र के महोलिया शिवपार गांव में निवास कर रही थी। महिला के तीन छोटे बच्चे हैं और तीनों बेटियां हैं।हालांकि महिला किस वजह से पानी की टंकी पर चढ़ी थी, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और महिला से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के दौरान पुलिस को महिला को सुरक्षित बचाने के साथ-साथ क्षेत्र की यातायात व्यवस्था संभालने में भी काफी मशक्कत करनी पड़ी। फिलहाल मामले की वास्तविक वजह महिला के बयान के बाद ही सामने आ सकेगी।


