TRENDING TAGS :
Hardoi जेल में विवाद, कर्मचारी और महिला होमगार्ड के खिलाफ केस दर्ज हुआ
Hardoi News: हरदोई जिला कारागार में अभद्रता, धमकी और सरकारी आवास की अनुमति को लेकर विवाद हुआ, जेल प्रशासन की शिकायत पर दो लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी।
Hardoi जेल में विवाद, कर्मचारी और महिला होमगार्ड के खिलाफ केस दर्ज हुआ (Photo- Newstrack)
Hardoi News: हरदोई जिला कारागार हरदोई में अनुशासनहीनता, अभद्रता और धमकी देने के आरोपों को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। जेल प्रशासन की शिकायत पर पुलिस ने चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी अनिल कुमार और एक महिला होमगार्ड के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। आरोप है कि दोनों के व्यवहार से जेल परिसर में तनाव की स्थिति पैदा हुई और कर्मचारियों को धमकियां दी गईं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।जेल प्रशासन की ओर से दी गई शिकायत के मुताबिक, जिला कारागार में डार्क रूम अटेंडेंट के पद पर तैनात अनिल कुमार जेल लाइन स्थित सरकारी आवास में एक महिला होमगार्ड के साथ रह रहा था। आरोप है कि महिला के वहां रहने के लिए सक्षम अधिकारी से पूर्व अनुमति नहीं ली गई थी।
महिला होमगार्ड मूल रूप से कानपुर देहात की निवासी बताई गई है।शिकायत में कर्मचारी अनिल कुमार पर शराब के नशे में हंगामा करने और जेलकर्मियों के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने के आरोप भी लगाए गए हैं। बताया गया कि हेड जेल वार्डर अनिल कुमार त्रिवेदी, कृष्ण पाल सिंह, जेल वार्डर अजय कुमार शुक्ला, धर्मेंद्र साहू और आनंद कुमार सिंह के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज की गई। आरोप है कि विवाद के दौरान मारपीट पर आमादा होने जैसी स्थिति भी बनी।
मुख्य द्वार पर विवाद के बाद बढ़ा मामला
प्रकरण में 23 अक्टूबर की घटना को भी महत्वपूर्ण बताया गया है। शिकायत के अनुसार, दोपहर करीब 12 बजे महिला होमगार्ड जेल के मुख्य द्वार पर पहुंची और वहां तैनात जेल वार्डर अजय कुमार शुक्ला के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया। आरोप है कि उसने कर्मचारियों को झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दी। फोन पर भी गेटकीपर और अन्य अधिकारियों के साथ गाली-गलौज किए जाने की बात शिकायत में कही गई है।
जेल अधीक्षक अमन कुमार सिंह ने मामले में शहर कोतवाली को तहरीर दी। इसके आधार पर शनिवार देर रात 12:48 बजे आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में FIR दर्ज की गई।शहर कोतवाल संजय त्यागी के मुताबिक, प्रकरण की गहनता से जांच की जा रही है। फिलहाल लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।


