Hardoi : लखनऊ स्टेशन पर निर्माण कार्य का असर, हरदोई समेत कई रूटों के रेल यात्रियों को होगी परेशानी

Hardoi News : लखनऊ स्टेशन निर्माण कार्य के चलते हरदोई, बालामऊ और शाहजहांपुर रूट की कई पैसेंजर ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा।

Pulkit Sharma
Published on: 12 May 2026 7:41 PM IST
Hardoi : लखनऊ स्टेशन पर निर्माण कार्य का असर, हरदोई समेत कई रूटों के रेल यात्रियों को होगी परेशानी
X

Hardoi News

Hardoi News : हरदोई और आसपास के छोटे रेलवे स्टेशनों से लखनऊ जाने वाले यात्रियों को आने वाले दिनों में कुछ दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। रेलवे प्रशासन द्वारा लखनऊ रेलवे स्टेशन पर चल रहे कांकॉर्स निर्माण कार्य के कारण कई पैसेंजर ट्रेनों के संचालन में अस्थायी बदलाव किया गया है। यह व्यवस्था 15 मई 2026 से 23 जून 2026 तक लागू रहेगी।रेलवे अधिकारियों के अनुसार यात्रियों की बेहतर सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए स्टेशन पर निर्माण कार्य कराया जा रहा है। इसी क्रम में प्लेटफार्म संख्या-4 पर ब्लॉक लिया जाएगा, जिसके चलते कुछ ट्रेनों का शॉर्ट टर्मिनेशन और शॉर्ट ओरिजिनेशन किया जाएगा। इसका सीधा असर रोजाना यात्रा करने वाले यात्रियों पर पड़ेगा।

इन ट्रेनों पर पड़ेगा असर

रेलवे द्वारा जारी जानकारी के मुताबिक गाड़ी संख्या 54338 शाहजहांपुर-लखनऊ पैसेंजर अब निर्धारित अवधि तक आलमनगर स्टेशन पर ही समाप्त होगी। इसी प्रकार 54332 बालामऊ-लखनऊ पैसेंजर भी आलमनगर तक ही संचालित की जाएगी। वहीं लखनऊ से चलने वाली 54337 लखनऊ-शाहजहांपुर पैसेंजर और 54331 लखनऊ-बालामऊ पैसेंजर अब आलमनगर स्टेशन से संचालित होंगी।इस बदलाव के कारण हरदोई, बालामऊ और शाहजहांपुर रूट के उन यात्रियों को अतिरिक्त परेशानी उठानी पड़ सकती है, जो सीधे लखनऊ स्टेशन तक यात्रा करते हैं। उन्हें अब आलमनगर से आगे जाने के लिए अन्य साधनों का सहारा लेना पड़ेगा।

इसके अलावा बरेली-प्रयागराज संगम एक्सप्रेस के मार्ग में भी अस्थायी परिवर्तन किया गया है। गाड़ी संख्या 14308 अब आलमनगर-लखनऊ-उतरेटिया रेलखंड के स्थान पर आलमनगर-ट्रांसपोर्ट नगर-उतरेटिया मार्ग से चलाई जाएगी। इस दौरान ट्रेन का लखनऊ स्टेशन पर ठहराव पूरी तरह निरस्त रहेगा।हालांकि यात्रियों की सुविधा के लिए आलमनगर और उतरेटिया स्टेशन पर अतिरिक्त ठहराव दिया जाएगा।रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति और समय की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।

Shalini Rai

Shalini Rai

Mail ID - raishalini910@gmail.com

Next Story