TRENDING TAGS :
Hardoi News: हरदोई की धरती से गूंजा देशभक्ति का तराना, ‘मां हरदोई तुझे प्रणाम’ गीत का हुआ लोकार्पण
Hardoi News: हरदोई की धरती से देशभक्ति का संदेश देने वाले ‘मां हरदोई तुझे प्रणाम’ गीत का भव्य लोकार्पण हुआ।
Hardoi News(Photo-Social Media)
Hardoi News: हरदोई में स्वतंत्रता दिवस से ठीक पहले हरदोई की धरती पर देशभक्ति के भावों से जुड़ा विशेष गीत ‘मां हरदोई तुझे प्रणाम’ लोगों को समर्पित किया गया। शुक्रवार को रेडियो जागो 90.4 एफएम स्टूडियो में आयोजित कार्यक्रम में गीत का लोकार्पण स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं क्रांतिकारी जयदेव कपूर की प्रतिमा के समक्ष किया गया। कार्यक्रम में उनके पुत्र संजय कपूर मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
जयदेव कपूर का नाम भगत सिंह और अन्य क्रांतिकारियों के साथ जुड़े स्वतंत्रता आंदोलन के इतिहास में दर्ज है। ऐसे स्वतंत्रता सेनानी के परिवार की मौजूदगी में हरदोई की मिट्टी, यहां के संघर्ष और देशप्रेम को समर्पित गीत का जारी होना कार्यक्रम का खास आकर्षण रहा।गीत को शुक्रवार दोपहर रेडियो जागो के माध्यम से श्रोताओं तक पहुंचाया गया। इसे तैयार करने वाली जी म्यूजिक हरदोई की टीम ने बताया कि गीत को यूट्यूब के साथ करीब 56 म्यूजिक प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराने की तैयारी है, ताकि स्वतंत्रता दिवस के मौके पर इसे अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जा सके।
स्वतंत्रता संग्राम से जुड़ी स्मृतियों को आवाज देने का प्रयास
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ पत्रकार अभय शंकर गौड़ ने कहा कि यह प्रस्तुति केवल मनोरंजन के लिए तैयार किया गया गीत नहीं है, बल्कि हरदोई के इतिहास, यहां की मिट्टी और स्वतंत्रता संग्राम से जुड़ी स्मृतियों को आवाज देने का प्रयास है।गीत से जुड़े गौरव अग्रवाल और संगीतकार संकेत तिवारी ने बताया कि इसे तैयार करने के पीछे मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी को हरदोई की ऐतिहासिक विरासत और स्वतंत्रता आंदोलन से परिचित कराना है। गीत के माध्यम से उन लोगों के संघर्ष को याद किया गया है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना जीवन तक दांव पर लगा दिया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि हरदोई की धरती का स्वतंत्रता आंदोलन में अपना महत्वपूर्ण योगदान रहा है। ‘मां हरदोई तुझे प्रणाम’ इसी गौरवशाली विरासत को नमन करता है। गीत में स्थानीय इतिहास और राष्ट्रभक्ति के भावों को इस तरह पिरोने का प्रयास किया गया है कि युवा पीढ़ी भी अपने जिले के स्वतंत्रता सेनानियों से जुड़ सके।अतिथियों ने गीत की पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं और उम्मीद जताई कि स्वतंत्रता दिवस पर यह प्रस्तुति हरदोई के साथ देश के अन्य हिस्सों में भी लोगों के बीच पहुंचेगी।


