Hardoi News: बुद्ध प्रतिमा स्थापित करने को लेकर महुआकोला में बवाल, पथराव के बाद 11 हिरासत में

Hardoi News: हरदोई के महुआकोला गांव में बिना अनुमति बुद्ध प्रतिमा स्थापना को लेकर विवाद बढ़ा, पुलिस पर पथराव हुआ, 11 लोगों को हिरासत में लिया गया।

Pulkit Sharma
Published on: 28 May 2026 10:42 PM IST (Updated on: 28 May 2026 10:45 PM IST)
Speaking in Mahuakola for installing Buddha statue, 11 in detention after Pathrao
X

बुद्ध प्रतिमा स्थापित करने को लेकर महुआकोला में बवाल, पथराव के बाद 11 हिरासत में (Photo- Newstrack)

Hardoi News: हरदोई जनपद के बेनीगंज थाना क्षेत्र के ग्राम महुआकोला में गुरुवार सुबह उस समय तनाव की स्थिति पैदा हो गई जब एक निजी भूमि पर बने मंदिर में भगवान बुद्ध की प्रतिमा स्थापित किए जाने का मामला सामने आया। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस विभाग सक्रिय हो गया।

मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन बाद में माहौल अचानक बिगड़ गया और पुलिस पर पथराव किए जाने की घटना भी सामने आई।जानकारी के अनुसार गांव के कुछ लोगों ने पुलिस को सूचना दी थी कि बाहरी व्यक्तियों के सहयोग से गांव के ही एक व्यक्ति की निजी जमीन पर बने मंदिर में बिना प्रशासनिक अनुमति के भगवान बुद्ध की प्रतिमा स्थापित कर दी गई है। इसको लेकर स्थानीय स्तर पर विरोध शुरू हो गया। स्थिति को गंभीरता से लेते हुए उपजिलाधिकारी और क्षेत्राधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत शुरू की।

पूजनीय व्यक्तियों की प्रतिमा स्थापित करने से पहले विधिक अनुमति लेना आवश्यक

प्रशासन की ओर से लोगों को बताया गया कि शासन के स्पष्ट निर्देश हैं कि किसी भी सार्वजनिक अथवा निजी स्थल पर संतों, महापुरुषों या पूजनीय व्यक्तियों की प्रतिमा स्थापित करने से पहले विधिक अनुमति लेना आवश्यक है। अधिकारियों ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने और कानून का पालन करने की अपील की।बताया गया कि वार्ता के दौरान कुछ बाहरी लोगों द्वारा माहौल को भड़काने का प्रयास किया गया, जिसके बाद कुछ लोग उग्र हो गए। आरोप है कि इसी दौरान पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता की गई और पथराव भी किया गया।

पुलिस ने हालात को नियंत्रित करने के लिए तत्काल कार्रवाई की और मौके पर अतिरिक्त फोर्स बुला ली गई। काफी देर तक चले तनाव के बाद स्थिति पर काबू पा लिया गया।घटना के संबंध में पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि प्रतिमा स्थापना और उसके बाद हुए विवाद के पीछे किन लोगों की भूमिका रही।

गांव में पुलिस बल तैनात

प्रशासन का कहना है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने और सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना की सूचना मिलने के बाद जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने भी मौके का निरीक्षण किया और गांव के लोगों से बातचीत कर शांति बनाए रखने की अपील की। फिलहाल गांव में पुलिस बल तैनात है और स्थिति सामान्य बताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी तथ्यों को ध्यान में रखते हुए आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Publisher Mail ID - skgautam1208@gmail.com

Experienced Hindi Journalist with 6 Years of Experience

Next Story