Hardoi News: गंगा एक्सप्रेसवे से मेरठ का सफर होगा आसान, हरदोई रोडवेज की बसें शनिवार से दौड़ेंगी

Hardoi News: हरदोई रोडवेज शनिवार से गंगा एक्सप्रेसवे रूट पर मेरठ के लिए दो बसें चलाएगा, जिससे सफर 10-11 घंटे से घटकर 7-8 घंटे का हो जाएगा।

Pulkit Sharma
Published on: 15 May 2026 8:28 PM IST
Travel to Meerut from Ganga Expressway will be easy, Hardoi Roadways will run from Saturday
X

गंगा एक्सप्रेसवे से मेरठ का सफर होगा आसान, हरदोई रोडवेज की बसें शनिवार से दौड़ेंगी (Photo- Newstrack)

Hardoi News: हरदोई से मेरठ जाने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम ने यात्रियों की सुविधा को देखते हुए गंगा एक्सप्रेसवे मार्ग पर बस संचालन शुरू करने का फैसला लिया है। शनिवार से हरदोई रोडवेज बस अड्डे से मेरठ के लिए दो बसों का संचालन नए रूट पर किया जाएगा। इन बसों को गंगा एक्सप्रेसवे से गुजारा जाएगा, जिससे यात्रा का समय पहले की तुलना में काफी कम हो जाएगा।

रोडवेज अधिकारियों के मुताबिक अब तक हरदोई से मेरठ पहुंचने में यात्रियों को करीब 10 से 11 घंटे का समय लग जाता था। नए मार्ग पर बसों के संचालन के बाद यही सफर लगभग 7 से 8 घंटे में पूरा होने की उम्मीद है। इससे खासतौर पर नौकरीपेशा लोगों, छात्रों और व्यापारियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। लंबे समय से यात्रियों द्वारा तेज और बेहतर बस सेवा की मांग की जा रही थी, जिसके बाद यह निर्णय लिया गया है।

एक्सप्रेसवे के उपयोग से बसों की आवाजाही अधिक सुगम और सुरक्षित होगी

हरदोई क्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक इंजीनियर रमेश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक चरण में दो बसों को गंगा एक्सप्रेसवे रूट पर चलाया जाएगा। यदि यात्रियों की संख्या और प्रतिक्रिया अच्छी रही तो भविष्य में इस रूट पर और बसें भी बढ़ाई जा सकती हैं। उन्होंने बताया कि एक्सप्रेसवे के उपयोग से बसों की आवाजाही अधिक सुगम और सुरक्षित होगी, साथ ही समय की भी बचत होगी।

हालांकि अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया है कि नए रूट पर टोल शुल्क अधिक होने के कारण किराए में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है। फिर भी यात्रियों को कम समय में आरामदायक सफर मिलने से यह सेवा काफी लाभदायक मानी जा रही है।शनिवार से शुरू होने जा रही इस नई सुविधा को लेकर यात्रियों में उत्साह देखा जा रहा है। लोगों का मानना है कि गंगा एक्सप्रेसवे पर बस संचालन शुरू होने से हरदोई से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के शहरों तक संपर्क और बेहतर होगा।

Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Mail ID - skgautam1208@gmail.com

Next Story