TRENDING TAGS :
Hardoi News: तीन महीने से टूटा धर्मकांटा बना खतरा, नवीन सब्जी मंडी में हर दिन हादसे का डर
Hardoi News: हरदोई की नवीन सब्जी मंडी में तीन महीने से टूटा धर्मकांटा किसानों, व्यापारियों और राहगीरों के लिए परेशानी बना हुआ है। मरम्मत की मांग लगातार उठ रही है।
तीन महीने से टूटा धर्मकांटा बना खतरा, नवीन सब्जी मंडी में हर दिन हादसे का डर (Photo- Newstrack)
Hardoi News: हरदोई शहर की लखनऊ रोड स्थित नवीन सब्जी मंडी में पिछले करीब तीन महीनों से टूटा पड़ा धर्मकांटा अब राहगीरों और व्यापारियों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बन गया है। मंडी में रोजाना सैकड़ों किसान, व्यापारी और ग्राहक पहुंचते हैं, लेकिन क्षतिग्रस्त धर्मकांटे की मरम्मत अब तक न होने से हर दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद मंडी प्रशासन ने इस ओर कोई ठोस कदम नहीं उठाया है।
मंडी परिसर में प्रवेश करने और बाहर निकलने वाले ई-रिक्शा, रिक्शा, टेम्पो तथा अन्य छोटे वाहन टूटे हुए धर्मकांटे से गुजरते समय असंतुलित हो जाते हैं। व्यापारियों का कहना है कि पिछले कुछ महीनों में कई ई-रिक्शा और टेम्पो यहां पलट चुके हैं। हालांकि अब तक कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ है, लेकिन स्थिति लगातार चिंताजनक बनी हुई है। उनका कहना है कि यदि जल्द मरम्मत नहीं कराई गई तो किसी दिन बड़ी दुर्घटना से इंकार नहीं किया जा सकता। कई बार वाहनों की लंबी कतारें लगने सेमंडी का कामकाज भी प्रभावित होता है।
मुख्य मार्ग पर अक्सर जाम लग जाता है
धर्मकांटे की खराब स्थिति का असर मंडी की यातायात व्यवस्था पर भी साफ दिखाई देता है। वाहन धीरे-धीरे निकलते हैं, जिससे मुख्य मार्ग पर अक्सर जाम लग जाता है। इसका खामियाजा किसानों, व्यापारियों और खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को भुगतना पड़ता है। कई बार वाहनों की लंबी कतारें लगने से मंडी का कामकाज भी प्रभावित होता है। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे व्यापारियों ने एक बार फिर मंडी प्रशासन से धर्मकांटे की तत्काल मरम्मत कराने की मांग उठाई।
उनका कहना है कि सुरक्षा से जुड़ी इस समस्या को लंबे समय तक नजरअंदाज करना उचित नहीं है। व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई और कोई गंभीर हादसा हुआ, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की होगी।व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने मंडी प्रशासन से अपील की है कि जनहित और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए धर्मकांटे की जल्द से जल्द मरम्मत कराई जाए, ताकि मंडी आने वाले किसानों, व्यापारियों और आम लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके तथा संभावित दुर्घटनाओं पर समय रहते रोक लगाई जा सके।


