Hardoi News: नीट अभ्यर्थियों को बड़ी राहत, रोडवेज बसों में मिलेगा आधे किराए पर सफर का लाभ

Hardoi News: नीट परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने रोडवेज बसों में 50 प्रतिशत किराया छूट की सुविधा शुरू की है। छात्र 19 जून से 21 जून तक एडमिट कार्ड दिखाकर इस योजना का लाभ उठा सकेंगे।

Pulkit Sharma
Published on: 18 Jun 2026 5:31 PM IST
Hardoi News: नीट अभ्यर्थियों को बड़ी राहत, रोडवेज बसों में मिलेगा आधे किराए पर सफर का लाभ
X

Hardoi News

Hardoi News: राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) में शामिल होने जा रहे अभ्यर्थियों के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने महत्वपूर्ण राहत प्रदान की है। परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में यात्रा करने पर किराए में 50 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। इस व्यवस्था का उद्देश्य दूर-दराज के क्षेत्रों से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने वाले छात्रों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है।हरदोई रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक गौरव वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि शासन स्तर से इस संबंध में आवश्यक निर्देश प्राप्त हो चुके हैं।

निर्देशों के अनुसार, नीट परीक्षा में शामिल होने वाले सभी पात्र अभ्यर्थी रोडवेज बसों में रियायती दर पर यात्रा कर सकेंगे। इसके लिए विद्यार्थियों को यात्रा के दौरान अपना नीट प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) बस परिचालक को दिखाना होगा। दस्तावेज के सत्यापन के बाद उन्हें निर्धारित किराए में 50 प्रतिशत की छूट का लाभ प्रदान किया जाएगा। परीक्षार्थियों को 19 जून से 21 जून तक इस सुविधा का लाभ मिलेगा हालांकि एडमिट कार्ड के छाया प्रति परीक्षार्थियों को बस कंडक्टर को उपलब्ध करानी होगी।

बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों का आवागमन होगा

सरकार का मानना है कि कई छात्र ऐसे क्षेत्रों से आते हैं जहां से परीक्षा केंद्र तक पहुंचने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। ऐसे में यात्रा खर्च उनके लिए अतिरिक्त बोझ बन जाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है ताकि कोई भी छात्र आर्थिक कारणों से परीक्षा में शामिल होने से वंचित न रहे।प्रदेश के विभिन्न जिलों में नीट परीक्षा आयोजित की जानी है, जिसके चलते बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों का आवागमन होगा। रोडवेज विभाग ने भी परीक्षा के दिन यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी हैं। अधिकारियों का कहना है कि विद्यार्थियों को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं को बढ़ावा देने की दिशा में सरकार का यह कदम विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों के लिए राहतभरा साबित हो सकता है। इससे न केवल छात्रों का आर्थिक भार कम होगा, बल्कि वे बिना किसी अतिरिक्त चिंता के अपने परीक्षा केंद्र तक पहुंच सकेंगे।

Pulkit Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Pulkit Sharma

Next Story