Hardoi News: सुनार का बड़ा खेल, करोड़ों के जेवर और नकदी लेकर परिवार समेत गायब

Hardoi News: हरदोई में एक सुनार करोड़ों रुपये के जेवर और नकदी लेकर परिवार समेत फरार हो गया। घटना के बाद ग्राहकों में हड़कंप मच गया और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Pulkit Sharma
Published on: 15 Jun 2026 2:15 PM IST
Hardoi News
X

Hardoi News(Photo-Social Media)

Hardoi News: उत्तर परदेस के हरदोई जिले में एक सुनार द्वारा ग्रामीणों और व्यापारियों को कथित रूप से करोड़ों रुपये का चूना लगाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि सांडी कस्बे में आभूषण कारोबार करने वाला एक सुनार अपने परिवार के साथ अचानक लापता हो गया, जिसके बाद बड़ी संख्या में पीड़ित लोग पुलिस के पास पहुंच रहे हैं। मामले ने जिले में सनसनी फैला दी है और पुलिस पर भी जल्द कार्रवाई का दबाव बढ़ गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सांडी क्षेत्र में संचालित आर.एस. ज्वैलर्स के संचालक विपिन गुप्ता तथा उसके दोनों पुत्रों पर लोगों के गिरवी रखे गए सोने-चांदी के आभूषण और व्यापारियों से लिए गए लाखों रुपये तथा बहुमूल्य जेवर लेकर फरार होने का आरोप है। अब तक सामने आए मामलों में करीब 409 ग्राम से अधिक सोना और 37 लाख रुपये से ज्यादा नकदी के गबन की बात सामने आई है। इसके अलावा ग्रामीणों के कई अन्य आभूषणों का भी अभी तक कोई पता नहीं चल सका है।

इस प्रकरण में अब तक चार अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं। पहला मामला जून के शुरुआती दिनों में सांडी थाने में दर्ज कराया गया था, जिसमें ग्रामीणों के जेवर और नकदी हड़पने का आरोप लगाया गया। इसके बाद शहर के एक प्रतिष्ठित सर्राफा व्यापारी ने भी शिकायत दर्ज कराते हुए लाखों रुपये मूल्य के सोने के आभूषण और नकदी वापस न मिलने की बात कही।एक अन्य व्यापारी ने भी सुनार और उसके बेटों पर बड़ी रकम तथा सोना हड़पने का आरोप लगाया है।

वहीं ताजा शिकायत में एक ग्रामीण ने बताया कि उसने अपना सोने का हार गिरवी रखा था, लेकिन अब न तो जेवर मिल रहा है और न ही आरोपी का कोई पता चल रहा है।जब पीड़ित लोग अपने जेवर और रुपये वापस लेने के लिए दुकान और मकान पर पहुंचे तो वहां ताले लटके मिले। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर कार्रवाई की मांग की। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश के लिए टीमें लगाई गई हैं और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

Pulkit Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Pulkit Sharma

Next Story