TRENDING TAGS :
Hardoi News: मेडिकल कॉलेज गेट पर लगे मिनी नलकूप की टोटियां चोरी, पेयजल संकट से जूझ रहे तीमारदार
Hardoi News: हरदोई मेडिकल कॉलेज गेट पर लगे मिनी नलकूप की टोटियां चोरी होने से तीमारदारों और मरीजों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन पर उठे सवाल।
Hardoi News(Photo-Social Media)
Hardoi News: उत्तर प्रदेश के हरदोई शहर में चोरी की घटनाएं अब आम लोगों की बुनियादी सुविधाओं तक पहुंचने लगी हैं। ताजा मामला मेडिकल कॉलेज गेट के बाहर नगर पालिका परिषद द्वारा लगाए गए मिनी नलकूप का है, जहां चोर रात के अंधेरे में पानी की सभी टोटियां खोलकर ले गए। घटना के बाद मेडिकल कॉलेज आने वाले मरीजों के तीमारदारों, राहगीरों और आसपास मौजूद लोगों को पेयजल के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
यहां भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए नगर पालिका परिषद ने कुछ समय पहले मेडिकल कॉलेज गेट के पास यह मिनी नलकूप लगवाया था। इसका मकसद अस्पताल आने वाले लोगों को मुफ्त पेयजल उपलब्ध कराना था। गर्मी के दिनों में यह व्यवस्था लोगों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही थी, क्योंकि दूर-दराज से आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को यहां आसानी से ठंडा पानी मिल जाता था।
बताया जा रहा है, कि बीती रात तेज आंधी और बारिश के दौरान इलाके की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी। इसी दौरान अंधेरे का फायदा उठाकर चोर वहां पहुंचे और नलकूप में लगी चारों टोटियां निकालकर फरार हो गए। वहीं सुबह जब लोग पानी लेने पहुंचे तो नलकूप की हालत देखकर हैरान रह गए। टोटियां गायब होने के कारण पानी भरना और पीना संभव नहीं हो सका। घटना के बाद कई तीमारदार खाली बोतलें लेकर इधर-उधर पानी तलाशते दिखाई दिए। मजबूरी में कुछ लोगों को बाजार से पानी खरीदना पड़ा।
यहां लोगों का कहना है कि अस्पताल परिसर में पहले ही सुविधाओं की कमी रहती है, ऐसे में इस तरह की घटनाएं परेशानियां और बढ़ा देती हैं। सबसे हैरानी की बात यह रही कि जहां यह मिनी नलकूप लगाया गया था, उसके ठीक पीछे पुलिस सहायता केंद्र भी मौजूद है। इसके बावजूद चोर आसानी से वारदात को अंजाम देकर निकल गए और किसी को भनक तक नहीं लगी। घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों ने नगर पालिका से जल्द नई टोटियां लगवाने और सार्वजनिक सुविधाओं की सुरक्षा के लिए निगरानी बढ़ाने की मांग की है।


