Hardoi News: फोन पर तय शादी में खुलासा, दूल्हे को पहचानने से युवती का इंकार, 9 हिरासत में

Hardoi News: हरदोई के शाहाबाद में बारात पहुंचने के बाद युवती ने दूल्हे को पहचानने से इंकार कर दिया। मामला संदिग्ध होने पर पुलिस ने जांच शुरू कर नौ लोगों को हिरासत में लिया।

Pulkit Sharma
Published on: 13 May 2026 3:50 PM IST
Hardoi News
X

Hardoi News(Photo-Social Media)

Hardoi News: शाहाबाद क्षेत्र में एक शादी समारोह उस समय विवाद में बदल गया जब बारात पहुंचने के बाद युवती ने दूल्हे को पहचानने से साफ इंकार कर दिया। इस घटना ने दोनों पक्षों के बीच हड़कंप मचा दिया और मामला थाने तक पहुंच गया। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद जांच शुरू कर दी है और कई लोगों से पूछताछ की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, युवती की लंबे समय से भोपाल निवासी राहुल नाम के युवक से फोन पर बातचीत चल रही थी। दोनों परिवारों के बीच बातचीत के बाद शादी तय हुई थी। तय कार्यक्रम के अनुसार मंगलवार रात बारात शाहाबाद पहुंची और शादी की तैयारियां शुरू हो गईं। लेकिन जैसे ही युवती ने दूल्हे को देखा, उसने दावा किया कि यह वह व्यक्ति नहीं है जिससे वह फोन पर बात करती थी।

इस बयान के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने स्थिति को संभालने की कोशिश की, लेकिन मामला बढ़ता चला गया। दूल्हे ने अपना नाम देवेंद्र बताया और कहा कि उसका किसी राहुल नाम के व्यक्ति से कोई संबंध नहीं है। इस विरोधाभास ने स्थिति को और जटिल बना दिया। सूचना मिलने पर शाहाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से पूछताछ शुरू की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले को दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की गंभीरता को देखते हुए नौ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

प्रारंभिक जांच में यह मामला पहचान छिपाकर धोखाधड़ी से शादी कराने से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि युवती से फोन पर बात करने वाला वास्तविक व्यक्ति कौन था और बारात लेकर पहुंचे लोग इस घटना में किस हद तक शामिल थे। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरा मामला सोशल मीडिया और स्थानीय क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Anjali Soni

Anjali Soni

Mail ID - theanjalisonisoni111@gmail.com

Next Story