Hardoi News: रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज की मांग फिर तेज, सांसद अशोक रावत ने रेल मंत्री से की मुलाकात

Hardoi News: हरदोई में रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज निर्माण की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। सांसद अशोक रावत ने इस मुद्दे पर रेल मंत्री से मुलाकात कर जल्द कार्रवाई की मांग की।

Pulkit Sharma
Published on: 29 May 2026 2:18 PM IST
Hardoi News
X

Hardoi News(Photo-Social Media)

Hardoi News: उत्तर प्रदेश के हरदोई जनपद के मिश्रिख लोकसभा क्षेत्र से भाजपा सांसद अशोक रावत ने एक बार फिर बालामऊ रेलवे फाटक की समस्या को लेकर केंद्र सरकार का ध्यान आकर्षित किया है। सांसद ने नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर क्षेत्र की कई विकास योजनाओं पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने बालामऊ रेलवे जंक्शन के पास स्थित रेलवे लेवल क्रॉसिंग संख्या 258 पर रेलवे ओवरब्रिज निर्माण की मांग प्रमुखता से उठाई।

सांसद ने रेल मंत्री को सौंपे गए मांग पत्र में बताया कि, बालामऊ कस्बे के बीच स्थित यह रेलवे फाटक क्षेत्र की सबसे बड़ी यातायात समस्याओं में से एक बन चुका है। फाटक बंद होने के दौरान दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं, जिससे राहगीरों, स्कूली बच्चों, मरीजों और व्यापारियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कई बार जाम की स्थिति इतनी गंभीर हो जाती है कि लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ता है।

अशोक रावत ने पत्र में यह भी उल्लेख किया कि, वह इस मुद्दे को पहले भी लोकसभा में नियम 377 और शून्यकाल के माध्यम से उठा चुके हैं, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हो सकी है। उन्होंने रेल मंत्री से जनहित को देखते हुए जल्द से जल्द रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण के लिए आवश्यक निर्देश जारी करने की मांग की। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि बालामऊ जंक्शन पर ट्रेनों की आवाजाही अधिक होने के कारण दिन में कई बार फाटक बंद रहता है, जिससे रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित होती है।

ऐसे में ओवरब्रिज बनने से न केवल यातायात व्यवस्था सुधरेगी बल्कि दुर्घटनाओं की संभावना भी कम होगी। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि सांसद की इस मांग पर रेल मंत्रालय कितनी गंभीरता दिखाता है। क्षेत्र में यह चर्चा भी है कि हरदोई और मिश्रिख से जुड़े कई पुराने प्रस्ताव लंबे समय से लंबित पड़े हैं और अब जनता ठोस कार्यवाही की उम्मीद कर रही है।

Anjali Soni

Anjali Soni

News Publisher Mail ID - theanjalisonisoni111@gmail.com

उप संपादक | डिजिटल मीडिया पत्रकार

Next Story