TRENDING TAGS :
Hardoi News: सड़क हादसे के बाद दो पक्षों में विवाद, पुलिस ने छह लोगों को लिया हिरासत में
Hardoi News: हरदोई में सड़क हादसे के बाद दो पक्षों में विवाद हो गया। पुलिस ने स्थिति नियंत्रित करते हुए छह लोगों को हिरासत में लिया और जांच शुरू कर दी है।
Hardoi News(Photo-Social Media)
Hardoi News: उत्तर प्रदेश के हरदोई जनपद के शाहाबाद कस्बे में गुरुवार को मामूली सड़क दुर्घटना के बाद दो पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने पूरे मामले की जानकारी सार्वजनिक की है। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच की गई जिसमें छेड़खानी जैसी किसी घटना की पुष्टि नहीं हुई है।
जानकारी के मुताबिक, मोहल्ला खेड़ाबीबीजेई निवासी विशाल अपने परिवार की एक युवती स्वेता के साथ मोटरसाइकिल से बाजार की ओर जा रहा था। इसी दौरान कैनरा बैंक के पास सामने से स्कूटी से आ रहे निसार और रिजवान से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो कुछ ही देर में मारपीट में बदल गई। आसपास मौजूद लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
वहीं पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की गई है। पुलिस टीम ने मौके से दोनों पक्षों के कुल छह लोगों को हिरासत में लिया। इनमें पहले पक्ष के दो और दूसरे पक्ष के चार लोग शामिल बताए गए हैं। घायल पक्ष का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया। इसके बाद प्राप्त तहरीर के आधार पर शाहाबाद थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई।
वहीं घटना के बाद पहले पक्ष की कुछ महिलाएं शाहाबाद थाने और क्षेत्राधिकारी कार्यालय पहुंचीं, जहां उन्होंने पुलिस से बातचीत के दौरान नाराजगी जताई। इसी बीच एक युवती अपने मोबाइल फोन से वीडियो रिकॉर्ड करने लगी। पुलिस के अनुसार ड्यूटी पर तैनात आरक्षी ने उसे वीडियो बनाने से रोका और मोबाइल अपने कब्जे में ले लिया। बाद में यही वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया।
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की गई है और अब तक किसी महिला के साथ अभद्रता या छेड़छाड़ जैसी बात सामने नहीं आई है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी भ्रामक जानकारी को बिना पुष्टि के साझा न करें।


