TRENDING TAGS :
Hardoi News: सेंट जेवियर्स हाई स्कूल ने दिया बिग कैट्स संरक्षण का संदेश, हुआ जागरूकता रैली का आयोजन
Hardoi News: हरदोई में सेंट जेवियर्स हाई स्कूल के विद्यार्थियों ने बिग कैट्स संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए रैली निकाली। रैली के माध्यम से वन्यजीव संरक्षण और पर्यावरण संतुलन का संदेश दिया गया।
Hardoi News(Photo-Social Media)
Hardoi News: वन्यजीवों के संरक्षण और पर्यावरणीय संतुलन के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक बनाने के उद्देश्य से सेंट जेवियर्स हाई स्कूल, हरदोई में "बिग कैट्स संरक्षण जागरूकता कार्यक्रम" का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप आयोजित किया गया, जिसका संबंध प्रथम इंटरनेशनल बिग कैट अलायन्स समिट-2026 से था।
इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्रों को बाघ, शेर, तेंदुआ, चीता, जगुआर और प्यूमा जैसे बड़े वन्यजीवों के महत्व से परिचित कराना तथा जैव विविधता और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति उनकी जिम्मेदारी को समझाना था। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विभिन्न शैक्षिक और रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिनमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस दौरान छात्रों ने वन्यजीव संरक्षण विषय पर अपने विचार साझा किए और बताया कि बढ़ते शहरीकरण, वनों की कटाई तथा पर्यावरणीय असंतुलन के कारण वन्यजीवों का अस्तित्व लगातार चुनौतीपूर्ण होता जा रहा है। इसके साथ ही विद्यालय द्वारा एक जागरूकता रैली भी निकाली गई, जिसमें कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों ने भाग लिया। रैली के दौरान छात्र विभिन्न वन्यजीवों के आकर्षक मुखौटे पहनकर लोगों को संरक्षण का संदेश देते नजर आए।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने पोस्टर, प्लेकार्ड और मास्क निर्माण प्रतियोगिताओं के माध्यम से अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सौभाग्या सिंह, राघव मिश्रा, आर्यन, तान्या, नेहा, कौस्तुभ, अमृता गुप्ता, अदिति सिंह, संध्या सिंह, नियति, काव्या मिश्रा और अंजलि गुप्ता सहित अनेक छात्रों ने प्रभावशाली प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम को विशेष बनाया।
वहीं विद्यालय की प्रधानाचार्या मौसमी चटर्जी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रकृति और मानव जीवन एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हुए हैं। यदि पर्यावरण और वन्यजीव सुरक्षित रहेंगे तभी आने वाली पीढ़ियों का भविष्य भी सुरक्षित रहेगा। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान उप-प्रधानाचार्य पी.सी. जोशी सहित विद्यालय के सभी शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। आयोजन ने विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण और वन्यजीवों के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


