TRENDING TAGS :
Hardoi News: हरदोई स्टेशन पर ट्रेनों की लेटलतीफी से यात्री बेहाल, भीषण गर्मी में घंटों इंतजार
Hardoi News: हरदोई रेलवे स्टेशन पर कई ट्रेनें घंटों देरी से पहुंचीं। भीषण गर्मी में यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर लंबा इंतजार करना पड़ा, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
Hardoi News(Photo-Social Media)
Hardoi News: हरदोई रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के देर से पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है। खासतौर पर लखनऊ की ओर जाने वाली ट्रेनों की लेटलतीफी से यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सुबह से लेकर देर रात तक डाउन लाइन से गुजरने वाली कई प्रमुख ट्रेनें अपने निर्धारित समय से काफी देरी से स्टेशन पहुंचीं, जिससे प्लेटफॉर्म पर यात्रियों की भीड़ और अव्यवस्था बढ़ गई।
भीषण गर्मी के बीच घंटों ट्रेन का इंतजार करना यात्रियों के लिए बेहद मुश्किल साबित हो रहा है। दैनिक यात्रा करने वाले लोगों के साथ-साथ लंबी दूरी के यात्रियों को भी भारी असुविधा झेलनी पड़ रही है। कई यात्री प्लेटफॉर्म पर बैठे ट्रेन का इंतजार करते नजर आए, जबकि कुछ लोग लगातार रेलवे ऐप और पूछताछ केंद्र से ट्रेनों की जानकारी लेते रहे।
मंगलवार को कई महत्वपूर्ण ट्रेनें अपने निर्धारित समय से काफी देर से हरदोई रेलवे स्टेशन पहुंचीं। मेरठ सिटी से लखनऊ जंक्शन जाने वाली 22454 राज्यरानी एक्सप्रेस अपने तय समय दोपहर 1 बजे के बजाय करीब 1 घंटा 40 मिनट की देरी से स्टेशन पहुंची। वहीं जम्मूतवी से सियालदह जाने वाली 13152 सियालदह एक्सप्रेस भी दोपहर 2:16 बजे के निर्धारित समय के स्थान पर करीब 2 घंटे 20 मिनट देरी से हरदोई पहुंची।
इसके अलावा लालगढ़ से डिब्रूगढ़ जाने वाली 15910 अवध असम एक्सप्रेस अपने तय समय दोपहर 2:28 बजे के मुकाबले करीब साढ़े तीन घंटे की देरी से स्टेशन पहुंची। सुबह के समय भी लखनऊ रूट की कई ट्रेनें घंटों विलंब से चलीं, जिससे ऑफिस और जरूरी कार्यों के लिए यात्रा करने वाले लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी।
यात्रियों का कहना है कि ट्रेनों की लगातार देरी से उनकी दिनचर्या प्रभावित हो रही है। कई यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से ट्रेनों के समय पर संचालन और बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की मांग की है। भीषण गर्मी और लंबे इंतजार के कारण स्टेशन पर मौजूद यात्री काफी परेशान दिखाई दिए। लोगों का कहना है कि रेलवे को यात्रियों की सुविधा और समयबद्ध संचालन पर विशेष ध्यान देना चाहिए।


