Hardoi News: निखिल सिंह ने बढ़ाया जिले का मान, बने लखनऊ मंडल के पहले प्रमाणित पुरुष फेंसिंग कोच

Hardoi News: हरदोई के निखिल सिंह ने फेंसिंग में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल कर लखनऊ मंडल के पहले प्रमाणित पुरुष कोच बनने का गौरव प्राप्त किया।

Pulkit Sharma
Published on: 18 Jun 2026 5:08 PM IST
Nikhil Singh raises district prestige, becomes first certified mens fencing coach of Lucknow division
X

निखिल सिंह ने बढ़ाया जिले का मान, बने लखनऊ मंडल के पहले प्रमाणित पुरुष फेंसिंग कोच (Photo- Newstrack)

Hardoi News: हरदोई जनपद के लिए गर्व का अवसर सामने आया है। शहर की नई बस्ती निवासी युवा खिलाड़ी निखिल सिंह ने फेंसिंग (तलवारबाजी) के क्षेत्र में एक उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए लखनऊ मंडल के पहले प्रमाणित पुरुष कोच बनने का सम्मान प्राप्त किया है। उनकी इस सफलता ने न केवल हरदोई बल्कि पूरे मंडल के खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल बना दिया है।निखिल सिंह, प्रवीण कुमार सिंह के पुत्र हैं और लंबे समय से फेंसिंग खेल से जुड़े हुए हैं। खेल के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और निरंतर मेहनत का परिणाम अब एक ऐतिहासिक उपलब्धि के रूप में सामने आया है।

खास बात यह है कि उनके परिवार का नाम पहले से ही इस खेल में विशेष पहचान रखता है। उनकी बहन तुषिता सिंह वर्ष 2023 में लखनऊ मंडल की पहली प्रमाणित महिला फेंसिंग कोच बनी थीं। अब भाई और बहन दोनों ने इस उपलब्धि के साथ क्षेत्र के खेल इतिहास में अपनी अलग पहचान दर्ज करा दी है।निखिल का चयन वर्ष 2025 में देश के प्रतिष्ठित खेल प्रशिक्षण संस्थान नेताजी सुभाष राष्ट्रीय खेल संस्थान, पटियाला में स्पोर्ट्स कोचिंग के स्नातकोत्तर डिप्लोमा पाठ्यक्रम के लिए हुआ था।

मूल्यांकन प्रक्रियाओं को सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद उन्हें प्रमाणित कोच का दर्जा मिला

एक वर्ष तक चले कठिन प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने खेल विज्ञान, खिलाड़ियों की मानसिक तैयारी, तकनीकी कौशल और आधुनिक फेंसिंग रणनीतियों का गहन अध्ययन किया। सभी आवश्यक परीक्षाओं और मूल्यांकन प्रक्रियाओं को सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद उन्हें प्रमाणित कोच का दर्जा मिला।उनकी यह उपलब्धि हरदोई और आसपास के क्षेत्रों के युवा खिलाड़ियों के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलेगी।

अब फेंसिंग में रुचि रखने वाले खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण और तकनीकी मार्गदर्शन स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेगा, जिससे प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिलेगा।निखिल सिंह की सफलता पर जिले के खेल अधिकारियों, वरिष्ठ खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने प्रसन्नता व्यक्त की है। सभी ने इसे हरदोई के खेल विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Pulkit Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Pulkit Sharma

Next Story