TRENDING TAGS :
Hardoi News: किशोरी को अगवा कर मारपीट, पुलिस ने दबोचा आरोपी, जानें पूरा मामला
Hardoi News: हरदोई में शादी समारोह से एक किशोरी के अपहरण का मामला सामने आया। एकतरफा प्यार में आरोपी ने वारदात की, पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
Hardoi News(Photo-Social Media)
Hardoi News: उत्तर प्रदेश के हरदोई जनपद के बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एकतरफा प्रेम में पागल एक युवक ने 17 वर्षीय किशोरी के साथ बेरहमी की सारी हदें पार कर दीं। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी युवक को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
चाचा की शादी में शामिल होने गांव आई थी किशोरी
बताया जा रहा है कि, किशोरी दिल्ली में अपनी बड़ी बहन के साथ रहती थी और कुछ दिन पहले अपने चाचा की शादी में शामिल होने गांव आई थी। यहां 11 मई की रात घर में शादी समारोह चल रहा था, जहां परिवार और रिश्तेदार मौजूद थे। इसी दौरान गांव का रहने वाला अतुल नामक युवक किशोरी को बहाने से अपने साथ ले गया। आरोप है कि युवक काफी समय से किशोरी पर दोस्ती और शादी का दबाव बना रहा था, लेकिन किशोरी लगातार उसका विरोध कर रही थी।
सुनसान जगह ले जाकर की मारपीट
पीड़िता के अनुसार आरोपी उसे गांव के बाहर एक सुनसान स्थान पर ले गया, जहां उसके साथ मारपीट की गई। किशोरी ने बताया कि आरोपी ने डंडों और लात-घूंसों से हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। पीड़िता का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ क्रूरता की और घायल अवस्था में उसे छोड़कर फरार हो गया। काफी देर बाद परिजनों को घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद किशोरी को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस हिरासत में आरोपी
वहीं इस घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया। उच्च अधिकारियों के निर्देश पर पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया और पूरे मामले की जांच शुरू की गई। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस ने कई टीमें गठित कीं। बाद में पुलिस ने मुख्य आरोपी अतुल को हिरासत में ले लिया। क्षेत्राधिकारी ने बताया कि पीड़िता के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहराई से जांच कर रही है।
गांव में तनाव, लोगों में आक्रोश
वहीं इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोग आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले में साक्ष्य जुटाने और अन्य संभावित पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।


