TRENDING TAGS :
Hardoi News: खुदाई के दौरान PNG पाइपलाइन क्षतिग्रस्त, टला बड़ा खतरा
Hardoi News: रेलवेगंज में जेसीबी से खुदाई के दौरान गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हुई। प्रशासन ने सुरक्षा के लिए रास्ता बंद कराया, सप्लाई रोकी और रिसाव नियंत्रित किया।
खुदाई के दौरान PNG पाइपलाइन क्षतिग्रस्त, टला बड़ा खतरा (Photo- Newstrack)
Hardoi News: हरदोई शहर के रेलवेगंज इलाके में प्रभु इलेक्ट्रॉनिक के पास विद्युत विभाग के कार्य के दौरान जेसीबी से खुदाई करते समय पीएनजी गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। पाइपलाइन फटने के बाद तेज आवाज के साथ गैस का रिसाव शुरू हो गया,वही तेज दुर्गंध के चलते आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना के बाद दुकानदारों ने एहतियातन अपनी दुकानें बंद करनी शुरू कर दीं।
सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था संभालते हुए स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गए।घटना जिंदपीर चौराहे के पास हुई। गैस रिसाव की सूचना पर रेलवेगंज चौकी पुलिस, शहर कोतवाली पुलिस और यातायात पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल विभाग की टीम ने भी तत्काल मोर्चा संभाला। किसी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए पुलिस ने जिंदपीर चौराहे से गंगा-जमुना होटल तक यातायात रोक दिया। बैरिकेडिंग कर आम लोगों की आवाजाही बंद कराई गई। एहतियात के तौर पर आसपास के क्षेत्र की बिजली आपूर्ति भी बंद कर दी गई।
इस दौरान रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को कुछ परेशानी का सामना करना पड़ा। घटना की गंभीरता को देखते हुए नगर मजिस्ट्रेट, एसडीएम सदर और अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर गैस रिसाव को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए।
सभी संबंधित टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी
पीएनजी पाइपलाइन के अधिकारी उवैस खान ने बताया कि क्षतिग्रस्त पाइपलाइन में करीब चार किलो का दबाव रहता है। गैस की आपूर्ति बंद करने के लिए बाबा समी हलवाई के निकट बने पॉइंट का इस्तेमाल किया गया। सप्लाई बंद होने के बाद रिसाव धीरे-धीरे कम होने लगा। उन्होंने बताया कि पाइपलाइन में बची गैस के पूरी तरह निकलने में लगभग दो से ढाई घंटे लग सकते हैं।
इसके बाद करीब एक मीटर गहरा गड्ढा खोदकर क्षतिग्रस्त हिस्से को बदला जाएगा। मरम्मत के कार्य में लगभग चार घंटे लगने का अनुमान जताया गया। एसडीएम सदर गुलाबचंद ने बताया कि सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर क्षेत्र को सुरक्षित किया और स्थिति पर नियंत्रण पाया। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी।
वहीं, दमकल विभाग के सीओ एमपी सिंह ने बताया कि विद्युत विभाग द्वारा पोल लगाने के दौरान पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हुई। सूचना मिलने पर फायर स्टेशन सदर की टीम मौके पर पहुंची और पुलिस तथा राजस्व विभाग की टीमों के साथ मिलकर इलाके को सुरक्षित किया।उधर, नगर मजिस्ट्रेट संजय अग्रहरि ने संबंधित अधिकारियों को हरदोई शहर में बिछाई गई गैस पाइपलाइन का रूट मैप तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि भविष्य में खुदाई के दौरान ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए जरूरी सावधानियां बरती जा सकें। गैस रिसाव नियंत्रित होने के बाद यातायात बहाल कर दिया गया और बिजली आपूर्ति भी दोबारा शुरू कर दी गई।


