Hardoi News: बिजली तार चोरी करने वाले गिरोह पर गैंगस्टर की कार्रवाई, रडार पर सरगना समेत आठ आरोपी

Hardoi News: हरदोई में बिजली तार चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। गिरोह के सरगना समेत आठ आरोपी पुलिस के रडार पर हैं।

Pulkit Sharma
Published on: 3 Jun 2026 11:53 AM IST
Hardoi News
X

Hardoi News(Photo-Social Media)

Hardoi News: उत्तर प्रदेश के हरदोई जनपद में बिजली के तारों की चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने एक संगठित गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। कोतवाली शहर पुलिस ने गिरोह के मुखिया सहित आठ लोगों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। यह कार्रवाई जिलाधिकारी से गैंग चार्ट को मंजूरी मिलने के बाद की गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, क्षेत्र में अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान इस गिरोह की सक्रियता की पुष्टि हुई। इसके बाद गिरोह के सदस्यों के आपराधिक इतिहास और पूर्व में दर्ज मामलों का परीक्षण किया गया।

वहीं इसकी जांच में सामने आया कि यह समूह लंबे समय से बिजली विभाग की संपत्ति को निशाना बनाकर तार चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था।गिरोह का नेतृत्व सुरसा थाना क्षेत्र के जमुनापुर गांव निवासी सुधीर रैदास उर्फ सुधीर कुमार कर रहा था। उसके साथ संदीप पासी उर्फ संदीप कुमार राजबंशी, सचिन कुमार, चंद्रसेन उर्फ शंभू रैदास, मोनू रैदास, सचिन वर्मा, राजीव कुमार उर्फ शर्मा तथा रवि सिंह के नाम शामिल हैं। इनमें अधिकांश सदस्य सुरसा क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक, गिरोह के सदस्य रात के समय सुनसान स्थानों और ग्रामीण इलाकों में लगे बिजली के तारों को काटकर चोरी करते थे। चोरी किए गए तारों को बेचकर अवैध रूप से आर्थिक लाभ अर्जित किया जाता था। इन आरोपियों के खिलाफ जिले के विभिन्न थानों, जिनमें सुरसा, बघौली, अतरौली, मल्लावां और अरवल शामिल हैं, जिसमें पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। संबंधित मामलों में विवेचना पूरी होने के बाद पुलिस न्यायालय में आरोप पत्र भी दाखिल कर चुकी है।

वहीं इस बाबत जानकारी देते हुए प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार त्यागी ने बताया कि, गिरोह की गतिविधियों से क्षेत्र के लोग लंबे समय से परेशान थे। आरोपियों का प्रभाव इतना था कि कई लोग उनके खिलाफ खुलकर शिकायत या गवाही देने से भी कतराते थे। पुलिस का मानना है कि गैंगस्टर एक्ट के तहत की गई यह कार्रवाई अपराधियों के मनोबल को तोड़ेगी और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत करने में मददगार साबित होगी।पुलिस ने स्पष्ट किया है कि संगठित अपराध में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि आम जनता को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

Pulkit Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Pulkit Sharma

Next Story