TRENDING TAGS :
Hardoi News: रेलवे क्रॉसिंग पर पुरानी रंजिश को लेकर बवाल, लाठी-रॉड से हमला; तीन घायल
Hardoi News: रेलवे क्रॉसिंग पर पुरानी रंजिश में दो पक्षों के बीच विवाद, लाठी-रॉड से हमले में तीन लोग घायल।
Hardoi News(Photo-Social Media)
Hardoi News: हरदोई जनपद के कछौना कोतवाली क्षेत्र में रेलवे क्रॉसिंग के पास शनिवार रात पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। कहासुनी के बाद विवाद ने इतना तूल पकड़ लिया कि एक पक्ष पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया गया। मारपीट में एक ही परिवार के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दो घायलों के सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी हालत चिंताजनक बताई गई है। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने तीनों को जिला अस्पताल हरदोई रेफर कर दिया।ग्राम सुठेना निवासी सोनू सिंह पुत्र श्यामा कुमार सिंह ने पुलिस को दी गई शिकायत में घटना का विवरण बताया है। उनके मुताबिक शनिवार रात वह अपने परिवार के प्रियांशु सिंह पुत्र उमेश सिंह और राजेश कुमार सिंह पुत्र बादशाह सिंह के साथ बालामऊ से सुठेना स्थित घर लौट रहे थे। इसी दौरान रेलवे क्रॉसिंग के निकट देशी शराब की दुकान के पास कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया।
बातचीत के बाद बिगड़े हालात
आरोप है कि वहां पहले से मौजूद राहुल पुत्र पुरुषोत्तम, सचिन पुत्र सरनाम और भोला पुत्र पुरुषोत्तम समेत दो अज्ञात लोगों ने पुरानी रंजिश को लेकर उनके साथ विवाद शुरू कर दिया। बातचीत के दौरान मामला बिगड़ गया और आरोपियों ने लाठी-डंडों तथा लोहे की रॉड से हमला कर दिया।हमले में राजेश और प्रियांशु के सिर में गंभीर चोटें आईं। दोनों खून से लथपथ होकर मौके पर गिर पड़े और कुछ समय के लिए अचेत हो गए। सोनू सिंह ने आरोप लगाया कि घटना के बाद हमलावर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर वहां से चले गए।
घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कछौना पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल हरदोई भेज दिया।रविवार को सोनू सिंह ने कछौना कोतवाली पहुंचकर प्रभारी निरीक्षक को लिखित तहरीर दी और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। नामजद आरोपियों की तलाश के साथ ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी पड़ताल की जा रही है।


