Hardoi News: रेल कर्मचारियों का प्रदर्शन, पुरानी पेंशन बहाली की उठी मांग

Hardoi News: उत्तर रेलवे मजदूर यूनियन के बैनर तले 100 रेलकर्मियों ने दिया धरना, आठवें वेतन आयोग को लागू करने, खाली पद भरने और ठेकेदारी प्रथा खत्म करने की मांग।

Pulkit Sharma
Published on: 25 Nov 2026 6:59 PM IST
Railway workers strike, demand reinstatement of old pensions
X

रेल कर्मचारियों का प्रदर्शन, पुरानी पेंशन बहाली की उठी मांग (Photo- Newstrack)

Hardoi News: रेलवे कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर बुधवार को हरदोई रेलवे स्टेशन पर उत्तर रेलवे मजदूर यूनियन (URMU) की ओर से शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया गया। संगठन के घोषित कार्यक्रम के तहत आयोजित इस धरने में विभिन्न विभागों के करीब 100 रेलकर्मी शामिल हुए। कर्मचारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में आवाज उठाते हुए रेलवे प्रशासन और सरकार से जल्द समाधान की मांग की।

पुरानी पेंशन बहाली को लेकर कर्मचारियों में नाराजगी

उत्तर रेलवे मजदूर यूनियन के महामंत्री बीसी शर्मा के आह्वान पर संगठनात्मक गतिविधियों और कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। मंडल मंत्री धर्मवीर सिंह के दिशा-निर्देश पर हरदोई शाखा ने रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर धरना दिया। इस दौरान कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि उनका प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा और रेल संचालन में किसी तरह की बाधा नहीं पहुंचाई गई।शाखा सचिव राजीव गुप्ता ने कहा कि रेल कर्मचारी लंबे समय से अपनी जायज मांगों को लेकर आवाज उठा रहे हैं, लेकिन कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर अब तक ठोस निर्णय नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के हितों की अनदेखी नहीं होनी चाहिए और लंबित मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाना चाहिए।

आठवें वेतन आयोग और खाली पदों को भरने की मांग

धरने के दौरान कर्मचारियों ने आठवें वेतन आयोग को जल्द लागू करने, पुरानी पेंशन योजना बहाल करने तथा नई पेंशन योजना (NPS) और यूनिफाइड पेंशन स्कीम (UPS) को रद्द करने की मांग उठाई। इसके अलावा रेलवे में खाली पड़े पदों को शीघ्र भरने और ठेकेदारी प्रथा समाप्त करने की मांग भी प्रमुखता से रखी गई।कर्मचारियों ने रेलवे आवासों के किराये में अनावश्यक बढ़ोतरी पर रोक लगाने सहित कुल 12 सूत्रीय मांगों को पूरा करने की अपील की। उनका कहना था कि कर्मचारियों की सुविधाओं और भविष्य की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर जल्द सकारात्मक कदम उठाए जाने चाहिए।

संगठन के पदाधिकारी भी रहे मौजूद

प्रदर्शन के दौरान उत्तर रेलवे मजदूर यूनियन जिंदाबाद के नारों से रेलवे परिसर गूंज उठा। धरने में शाखा सचिव राजीव गुप्ता, शाखा उपाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार, पदाधिकारी आरएल वर्मा, कोषाध्यक्ष हिमांशु राठौर सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी और विभिन्न विभागों के कर्मचारी मौजूद रहे।कर्मचारियों ने एकजुटता दिखाते हुए मांगों के समर्थन में अपनी आवाज बुलंद की और समस्याओं का समाधान होने तक संगठनात्मक स्तर पर प्रयास जारी रखने की बात कही।

Pulkit Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Pulkit Sharma

pulkitsharma@newstracksite.vocalwire.com
Next Story