TRENDING TAGS :
Hardoi News: रेल यात्रियों के लिए अलर्ट, 19 जून को बदले मार्ग से चलेंगी मेल ट्रेनें
Hardoi News: रेल अवसंरचना कार्य के चलते 19 जून को हावड़ा-अमृतसर और अमृतसर-हावड़ा मेल बदले रूट से चलेंगी, कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव नहीं होगा।
रेल यात्रियों के लिए अलर्ट, 19 जून को बदले मार्ग से चलेंगी मेल ट्रेनें (Photo- Social Media)
Hardoi News: हरदोई समेत उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के रेल यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल में चल रहे रेल अवसंरचना सुदृढ़ीकरण कार्य के कारण 19 जून 2026 को कुछ प्रमुख ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया गया है। इस दौरान अमृतसर-हावड़ा मेल और हावड़ा-अमृतसर मेल को निर्धारित मार्ग के स्थान पर वैकल्पिक रूट से चलाया जाएगा।रेलवे अधिकारियों के अनुसार निगोहा और कनकहा रेलवे स्टेशनों के बीच स्थित एक महत्वपूर्ण पुल पर मरम्मत और विकास कार्य किया जाना है। इसके अलावा कनकहा और मोहनलालगंज खंड में भी ट्रैक से जुड़े आवश्यक कार्य प्रस्तावित हैं। इन कार्यों को सुरक्षित ढंग से पूरा करने के लिए यातायात एवं विद्युत ब्लॉक लिया जाएगा, जिसके चलते ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा।हरदोई से होकर जाने वाली गाड़ी संख्या 13006 अमृतसर–हावड़ा मेल 19 जून को लखनऊ, उतरेटिया, सुल्तानपुर और मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ मार्ग से होकर अपने गंतव्य की ओर जाएगी। मार्ग परिवर्तन के कारण इस दिन ट्रेन का बछरावां, रायबरेली, जायस, गौरीगंज और अमेठी रेलवे स्टेशन पर ठहराव नहीं होगा।
स्टेशन पहुंचने से पहले अपनी ट्रेन की वर्तमान स्थिति और मार्ग की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें
इसी प्रकार गाड़ी संख्या 13005 हावड़ा–अमृतसर मेल भी 19 जून को प्रतापगढ़, सुल्तानपुर, उतरेटिया और लखनऊ होकर संचालित की जाएगी। इस दौरान अमेठी, गौरीगंज, जायस, रायबरेली और बछरावां स्टेशनों पर यात्रियों को ट्रेन की सुविधा नहीं मिल सकेगी।हरदोई से यात्रा करने वाले ऐसे यात्री जो इन स्टेशनों से जुड़कर आगे का सफर करते हैं, उन्हें विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि स्टेशन पहुंचने से पहले अपनी ट्रेन की वर्तमान स्थिति और मार्ग की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।रेलवे का कहना है कि यह कार्य यात्रियों की सुरक्षा और बेहतर रेल सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए किया जा रहा है। कार्य पूरा होने के बाद रेल संचालन और अधिक सुगम एवं सुरक्षित बनने की उम्मीद है।


