Hardoi News: हरदोई रेलवे स्टेशन पर गंदगी से यात्री परेशान, अमृत भारत योजना के दावों पर उठे सवाल

Hardoi News: हरदोई रेलवे स्टेशन पर जगह-जगह फैली गंदगी और सफाई व्यवस्था की बदहाल स्थिति से यात्रियों में नाराजगी है। अमृत भारत योजना के तहत किए जा रहे विकास कार्यों के बीच स्टेशन की स्वच्छता व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

Pulkit Sharma
Published on: 10 July 2026 3:25 PM IST
Hardoi News
X

Hardoi News(Photo-Social Media)

Hardoi News: हरदोई रेलवे स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आधुनिक सुविधाओं से लैस करने का कार्य चल रहा है। स्टेशन के कायाकल्प, यात्री सुविधाओं के विस्तार और सौंदर्यीकरण को लेकर बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं, लेकिन दूसरी ओर स्टेशन परिसर की सफाई व्यवस्था इन दावों पर सवाल खड़े करती नजर आ रही है। स्टेशन के कई हिस्सों में फैली गंदगी, इधर-उधर बिखरा कूड़ा और गिरे हुए कूड़ेदान व्यवस्था की वास्तविक तस्वीर सामने ला रहे हैं।यात्रियों का कहना है कि स्टेशन पर नियमित सफाई का अभाव साफ दिखाई देता है।

प्लेटफॉर्म और सार्वजनिक स्थानों पर कई जगह कूड़ा जमा रहता है, जिससे यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ता है। हाल ही में सोशल मीडिया पर स्टेशन के एक गंदे शौचालय का वीडियो भी तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद सफाई व्यवस्था को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।जानकारी के अनुसार, हरदोई रेलवे स्टेशन की सफाई का कार्य एक निजी फर्म को आउटकम बेस (Outcome Based) प्रणाली के तहत सौंपा गया है। इस व्यवस्था का उद्देश्य निर्धारित मानकों के अनुरूप बेहतर सफाई सुनिश्चित करना है। इसके बावजूद स्टेशन की मौजूदा स्थिति अपेक्षित स्तर से काफी नीचे दिखाई दे रही है।

नियमित कूड़ा निस्तारण भी यात्री सुविधाओं का महत्वपूर्ण हिस्सा

सूत्रों के मुताबिक, कुछ समय पहले तक स्टेशन पर लगभग 30 सफाई कर्मचारी तैनात रहते थे, जबकि वर्तमान में केवल 8 से 12 कर्मचारियों के भरोसे पूरे स्टेशन की सफाई व्यवस्था संचालित होने की बात सामने आ रही है। यदि यह जानकारी सही है, तो इतने बड़े स्टेशन की साफ-सफाई बनाए रखना चुनौतीपूर्ण माना जा रहा है।स्थानीय लोगों और नियमित यात्रियों का कहना है कि स्टेशन का विकास केवल भवनों और निर्माण कार्यों तक सीमित नहीं होना चाहिए।

स्वच्छ प्लेटफॉर्म, साफ शौचालय और नियमित कूड़ा निस्तारण भी यात्री सुविधाओं का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उनका मानना है कि अमृत भारत योजना का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब यात्रियों को साफ-सुथरा और व्यवस्थित स्टेशन भी मिले। फिलहाल हरदोई रेलवे स्टेशन की सफाई व्यवस्था को लेकर उठ रहे सवालों के बीच यात्रियों की नजर अब रेलवे प्रशासन और संबंधित एजेंसी की कार्रवाई पर टिकी हुई है। लोगों का कहना है कि कागजों पर स्वच्छता के दावे करने के बजाय जमीनी स्तर पर भी उसका असर दिखाई देना चाहिए।

Pulkit Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Pulkit Sharma

pulkitsharma@newstracksite.vocalwire.com
Next Story