TRENDING TAGS :
Hardoi News: रेलवे प्लेटफार्म बना अखाड़ा, तीन युवकों के विवाद पर जीआरपी ने की कार्रवाई
Hardoi News: हरदोई स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर देर रात विवाद के बाद जीआरपी ने तीन युवकों को शांति भंग की आशंका में पकड़ा और कानूनी कार्रवाई के लिए न्यायालय भेज दिया।
रेलवे प्लेटफार्म बना अखाड़ा, तीन युवकों के विवाद पर जीआरपी ने की कार्रवाई (Photo- Newstrack)
Hardoi News: हरदोई रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जीआरपी की ओर से लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में हरदोई रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर देर रात तीन युवक आपस में विवाद करते हुए हंगामा करने लगे। मौके पर पहुंची जीआरपी पुलिस ने तीनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उनके व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया। इसके बाद पुलिस ने तीनों को शांति भंग की आशंका में गिरफ्तार कर लिया।
समझाने के बाद भी नहीं माने युवक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक रेलवे लखनऊ के निर्देशन में ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर अपराधों की रोकथाम, यात्रियों तथा उनके सामान की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 9 और 10 नवंबर 2026 की मध्यरात्रि जीआरपी हरदोई की टीम प्लेटफार्म नंबर एक पर संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं की चेकिंग कर रही थी।इसी दौरान वहां मौजूद आकाश (22) निवासी लोधौरा, थाना सुरसा, हरदोई का शुभम कुमार (29) और सौरभ कुमार (28) निवासी सिविल लाइन, थाना फतेहगढ़, फर्रुखाबाद के साथ किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ने लगी और तीनों युवक झगड़े पर आमादा हो गए।
शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए हुई कार्रवाई
ड्यूटी पर मौजूद उपनिरीक्षक कुलदीप सिंह ने हमराही पुलिसकर्मियों दीपक कुमार, ओमप्रकाश और मनोज कुमार के साथ मौके पर पहुंचकर युवकों को काफी देर तक समझाने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक, समझाने के बावजूद तीनों युवक शांत नहीं हुए और उनका आक्रामक रवैया बना रहा।स्थिति बिगड़ने की आशंका और किसी संज्ञेय अपराध को रोकने के उद्देश्य से पुलिस ने रात करीब 12:15 बजे तीनों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170 के तहत गिरफ्तार कर लिया। बाद में आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए तीनों के खिलाफ धारा 170, 126 और 135 के तहत चालानी रिपोर्ट तैयार कर न्यायालय भेज दी गई। जीआरपी ने बताया कि रेलवे स्टेशन पर शांति व्यवस्था बनाए रखने और यात्रियों की सुरक्षा के लिए चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।


