Hardoi News: सांसद के निर्देशों का दिखा आंशिक असर, ट्रेनों के ठहराव और सुविधाओं पर अब भी इंतजार

Hardoi News: सांसद के निरीक्षण के बाद हरदोई रेलवे स्टेशन पर कुछ सुधार हुए हैं लेकिन कई बड़ी समस्याएं अभी भी लंबित हैं जिससे यात्रियों को पूरी राहत नहीं मिली है।

Pulkit Sharma
Published on: 5 Jun 2026 4:36 PM IST
Visible partial effect of MPs instructions, stagnation of trains and still confusion over facilities
X

सांसद के निर्देशों का दिखा आंशिक असर, ट्रेनों के ठहराव और सुविधाओं पर अब भी इंतजार (Photo- Newstrack)

Hardoi News: हरदोई रेलवे स्टेशन की व्यवस्थाओं को लेकर लंबे समय से उठ रही शिकायतों के बीच 5 मई को सांसद जयप्रकाश रावत ने रेलवे अधिकारियों के साथ स्टेशन का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान सांसद ने यात्रियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए थे। करीब एक माह बीत जाने के बाद स्टेशन पर कुछ बदलाव जरूर दिखाई दे रहे हैं, लेकिन कई बड़े मुद्दे अब भी अधर में लटके हुए हैं।निरीक्षण के समय सांसद ने पीआरएस काउंटर पर यात्रियों को होने वाली परेशानी को देखते हुए वहां पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए थे।

इसका असर यह हुआ कि पीआरएस काउंटर पर दो एयर कंडीशनर लगाए गए, जिससे टिकट बनवाने आने वाले लोगों को राहत मिली है। इसके अलावा हरदोई की आस्था और पहचान से जुड़े भक्त प्रह्लाद की प्रतिमा स्थापित किए जाने की मांग भी लंबे समय से उठ रही थी।

रेलवे अधिकारियों ने इस दिशा में पहल करते हुए प्रतिमा स्थापना के लिए चबूतरे का निर्माण करा दिया है। हालांकि प्रतिमा लगाए जाने की प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हो सकी है।यात्रियों के बैठने की पर्याप्त व्यवस्था को लेकर भी सांसद ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए थे। इसके बाद रेलवे प्रशासन ने प्लेटफार्म पर कुछ सीमेंट की बेंचें लगवाई हैं। हालांकि यात्रियों का कहना है कि स्टील की आधुनिक बेंचों की अपेक्षा थी, लेकिन फिलहाल सीमेंट की बेंचों से भी कुछ हद तक राहत मिली है।

प्लेटफार्म संख्या दो और तीन पर एस्केलेटर सांसद के निर्देश पर भी अधर में

स्टेशन पर एस्केलेटर लगाने का मुद्दा भी निरीक्षण के दौरान प्रमुखता से उठा था। सांसद के निर्देश पर रेलवे अधिकारियों ने प्लेटफार्म संख्या दो और तीन पर एस्केलेटर की संभावना को लेकर सर्वे कराया। लेकिन रेलवे से जुड़े सूत्रों का कहना है कि प्लेटफार्म की चौड़ाई मानकों के अनुरूप नहीं होने के कारण वहां एस्केलेटर लगाए जाने की संभावना बेहद कम है। हालांकि रेलवे की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

बताया जा रहा है कि प्लेटफार्म संख्या एक पर लिफ्ट और एस्केलेटर दोनों की सुविधा विकसित किए जाने की योजना पर काम जारी है।वहीं, सबसे बड़ा सवाल ट्रेनों के ठहराव को लेकर बना हुआ है। सांसद के निरीक्षण को लगभग एक महीना पूरा होने जा रहा है, लेकिन अब तक किसी नई ट्रेन का ठहराव हरदोई स्टेशन पर स्वीकृत नहीं हो सका है। दूसरी ओर पड़ोसी जनपद शाहजहांपुर में जनप्रतिनिधियों के प्रयासों के बाद वंदे भारत एक्सप्रेस का ठहराव अपेक्षाकृत कम समय में मिल गया।

यात्रियों का कहना है कि स्टेशन पर कुछ छोटे सुधार जरूर हुए हैं, लेकिन जिन प्रमुख मुद्दों को लेकर सांसद ने अधिकारियों को निर्देश दिए थे, उन पर अपेक्षित प्रगति दिखाई नहीं दे रही है। गुणवत्ता सुधार, यात्री सुविधाओं के विस्तार और ट्रेनों के ठहराव जैसे विषय आज भी लोगों की प्राथमिक मांग बने हुए हैं। ऐसे में अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि रेलवे प्रशासन सांसद के शेष निर्देशों को कब तक धरातल पर उतार पाता है।

Pulkit Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Pulkit Sharma

Next Story