Hardoi News: वादे हुए पीछे, काम अब भी अधूरा: हरदोई स्टेशन पर यात्रियों को नहीं मिली आधुनिक सुविधाएं

Hardoi News: अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहा निर्माण कार्य तय समय से पीछे, लिफ्ट, एस्केलेटर और कोच डिस्प्ले जैसी सुविधाएं अब तक अधूरी पड़ी हैं।

Pulkit Sharma
Published on: 14 Jun 2026 9:06 PM IST
Waiting behind, work still incomplete: Hardoi station does not get modern facilities for passengers
X

वादे हुए पीछे, काम अब भी अधूरा: हरदोई स्टेशन पर यात्रियों को नहीं मिली आधुनिक सुविधाएं (Photo- Newstrack)

Hardoi News: हरदोई रेलवे स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने के लिए अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत शुरू किया गया निर्माण कार्य तय समय सीमा से काफी पीछे चलता दिखाई दे रहा है। लगभग तीन वर्ष पहले शुरू हुई इस महत्वाकांक्षी परियोजना का बड़ा हिस्सा अब भी अधूरा है, जिससे यात्रियों को लगातार दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

स्टेशन परिसर में चल रहे निर्माण कार्य की गति को लेकर स्थानीय लोगों और यात्रियों के बीच असंतोष बढ़ता जा रहा है। कई सुविधाएं, जिनका लाभ यात्रियों को काफी पहले मिल जाना चाहिए था, अभी तक धरातल पर पूरी तरह दिखाई नहीं दे रही हैं।

नए फुट ओवर ब्रिज का निर्माण लंबे समय तक रुका रहने के बाद हाल ही में दोबारा गति पकड़ता नजर आया है, लेकिन कार्य अभी भी पूर्णता से काफी दूर है।यात्रियों को सबसे अधिक उम्मीद लिफ्ट और एस्केलेटर जैसी सुविधाओं से थी। हालांकि लिफ्ट के लिए लोहे का ढांचा तैयार कर दिया गया है, लेकिन वास्तविक स्थापना और संचालन को लेकर अभी तक कोई स्पष्ट प्रगति दिखाई नहीं दे रही। इसी प्रकार प्लेटफार्मों पर लगाए जाने वाले एस्केलेटर भी अभी तक स्थापित नहीं हो सके हैं।

कोच के लिए भटकना पड़ रहा

स्टेशन पर यात्री सूचना प्रणाली को बेहतर बनाने के लिए कोच डिस्प्ले बोर्ड लगाने की योजना भी अधूरी पड़ी है। इसके लिए खंभे तो कई महीने पहले लगा दिए गए थे, लेकिन अब तक उन पर डिस्प्ले बोर्ड नहीं लगाए जा सके हैं। ऐसे में यात्रियों को ट्रेन की कोच स्थिति जानने में पुरानी व्यवस्था पर ही निर्भर रहना पड़ रहा है।

गौरतलब है कि अगस्त 2023 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत हरदोई रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्य का वर्चुअल शिलान्यास किया था। उस समय रेलवे अधिकारियों द्वारा लगभग दो वर्ष में परियोजना पूरी करने का लक्ष्य रखा गया था। बाद में निरीक्षण के दौरान सांसद जयप्रकाश रावत ने भी कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई थी।

उस दौरान अधिकारियों ने अक्टूबर 2025 तक काम पूरा करने का आश्वासन दिया था।वर्तमान स्थिति को देखते हुए स्थानीय लोगों का मानना है कि परियोजना को पूरा होने में अभी और समय लग सकता है। यात्रियों का कहना है कि रेलवे प्रशासन को निर्माण कार्य में तेजी लाकर गुणवत्ता और समयबद्धता दोनों सुनिश्चित करनी चाहिए, ताकि हरदोई को आधुनिक रेलवे स्टेशन का लाभ जल्द मिल सके।

Pulkit Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Pulkit Sharma

Next Story