TRENDING TAGS :
Hardoi News: हरदोई रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा नियमों की अनदेखी, रेलवे ट्रैक किनारे खड़े हो रहे वाहन
Hardoi News: हरदोई रेलवे स्टेशन और माल गोदाम के पास ट्रैक किनारे वाहन खड़े होने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं, यात्रियों ने कार्रवाई की मांग की।
हरदोई रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा नियमों की अनदेखी, रेलवे ट्रैक किनारे खड़े हो रहे वाहन (Photo- Newstrack)
Hardoi News: हरदोई रेलवे स्टेशन परिसर में इन दिनों सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्टेशन और माल गोदाम के पास रेलवे लाइन के बिल्कुल निकट दोपहिया और चारपहिया वाहन खड़े किए जाने का सिलसिला लगातार जारी है। यह स्थिति न केवल रेल यात्रियों की सुरक्षा के लिए खतरा बन रही है, बल्कि भारतीय रेल की व्यवस्थाओं पर भी सवाल खड़े कर रही है।
रेलवे प्रशासन की ओर से स्टेशन परिसर में स्पष्ट रूप से चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं, जिनमें रेलवे ट्रैक और माल गोदाम क्षेत्र के पास वाहन खड़ा करने पर रोक का उल्लेख किया गया है। इसके बावजूद लोग खुलेआम वहां वाहन खड़े कर रहे हैं। सबसे बड़ी बात यह है कि संबंधित अधिकारियों की नजर इस ओर नहीं पड़ रही या फिर जानबूझकर अनदेखी की जा रही है।
रेलवे अधिकारियों की निष्क्रियता के चलते लोग नियमों को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार अचानक ट्रेन आने की स्थिति में हादसे की आशंका भी बनी रहती है। माल गोदाम क्षेत्र में भारी वाहनों और माल लोडिंग का काम चलता रहता है, ऐसे में वहां निजी वाहनों की मौजूदगी सुरक्षा मानकों के खिलाफ मानी जा रही है।
सूत्रों के अनुसार मंडल स्तर से रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश पहले ही दिए जा चुके हैं। इसके तहत “यहां वाहन खड़ा करना मना है” जैसे बोर्ड भी लगाए गए हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर इन निर्देशों का असर दिखाई नहीं दे रहा।
यात्रियों ने दी अपनी प्रतिक्रिया
रेलवे अधिकारियों की निष्क्रियता के चलते लोग नियमों को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। यात्रियों का कहना है कि रेलवे प्रशासन को स्टेशन परिसर में नियमित निगरानी बढ़ानी चाहिए और रेलवे ट्रैक के पास वाहन खड़ा करने वालों पर कार्रवाई करनी चाहिए। यदि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधरी तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा भी हो सकता है। फिलहाल हरदोई रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा नियमों की अनदेखी लोगों के बीच चिंता का विषय बनी हुई है।


