Hardoi News: रेलवे स्टेशन पर बच्चों ने की जल सेवा, रेलवन ऐप के प्रति किया जागरूक

Hardoi News: हरदोई रेलवे स्टेशन पर बच्चों ने यात्रियों को जल सेवा दी और रेलवन ऐप के उपयोग के प्रति जागरूक किया। इस पहल की यात्रियों ने सराहना की।

Pulkit Sharma
Published on: 23 May 2026 2:09 PM IST
Hardoi News
X

Hardoi News(Photo-Social Media)

Hardoi News: उत्तर प्रदेश के हरदोई रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को स्काउट एवं गाइड के बच्चों ने शैक्षणिक भ्रमण कर रेलवे की कार्यप्रणाली को करीब से समझा। इस दौरान बच्चों को स्टेशन पर होने वाली विभिन्न व्यवस्थाओं और रेल संचालन से जुड़ी अहम जानकारियां दी गईं। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को रेलवे व्यवस्था से परिचित कराने के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना रहा।

विस्तार से दी गईं जानकारियां

यहां स्टेशन भ्रमण के दौरान सीएमआई हरदोई अंबुज मिश्रा, स्टेशन अधीक्षक नरसी लाल मीणा, आरपीएफ प्रभारी संजीव सर तथा सीएचआई प्रशांत ने बच्चों को रेलवे से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां विस्तार से समझाईं। अधिकारियों ने बताया कि ट्रेनों का संचालन किस प्रकार नियंत्रित किया जाता है, प्लेटफॉर्म और स्टेशन परिसर में सफाई व्यवस्था कैसे बनाए रखी जाती है तथा आरक्षण और सामान्य टिकट जारी करने की प्रक्रिया किस तरह काम करती है।बच्चों ने भी पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लिया। स्काउट-गाइड के छात्र हाथों में जागरूकता संबंधी तख्तियां लेकर प्लेटफॉर्म पर यात्रियों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते नजर आए।

रेल वन ऐप के भी बताएं लाभ

स्काउट गाइड के छात्र छात्राओं द्वारा लोगों से रेलवे परिसर को साफ रखने और प्लास्टिक का कम इस्तेमाल करने की अपील की। साथ ही रेलवन ऐप के उपयोग और उसके फायदे के बारे में भी यात्रियों को जानकारी दी।कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने यात्रियों को पानी पिलाकर जल सेवा भी की, जिसकी लोगों ने सराहना की। यात्रियों ने बच्चों के अनुशासन और सेवा भावना की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम समाज में सकारात्मक संदेश देने का काम करते हैं।इस अवसर पर स्काउट प्रभारी रमेश चंद्र और उनका पूरा स्टाफ बच्चों के साथ सक्रिय रूप से मौजूद रहा और पूरे कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करता नजर आया। अंत में डीआरयूसीसी सदस्य नवीन अग्रवाल द्वारा बच्चों के लिए जलपान की व्यवस्था कराई गई। कार्यक्रम के समापन पर सभी ने बच्चों के प्रयासों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Anjali Soni

Anjali Soni

News Publisher Mail ID - theanjalisonisoni111@gmail.com

उप संपादक | डिजिटल मीडिया पत्रकार

Next Story