Hardoi News: रेलवे ट्रैक मरम्मत कार्य से यात्रियों की बढ़ेगी परेशानी, कई ट्रेनें देरी से चलेंगी

Hardoi News: लखनऊ मंडल के आलमनगर–आलमबाग सेक्शन में ट्रैक मरम्मत कार्य के कारण हरदोई रूट की कई ट्रेनें देरी से चलेंगी। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति जांचने की अपील की है।

Pulkit Sharma
Published on: 21 May 2026 6:24 PM IST
Hardoi News: रेलवे ट्रैक मरम्मत कार्य से यात्रियों की बढ़ेगी परेशानी, कई ट्रेनें देरी से चलेंगी
X

Hardoi News

Hardoi News: गर्मी की छुट्टियों में जहां रेलवे प्रशासन अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए स्पेशल ट्रेनों के संचालन और यात्रियों को बेहतर सुविधा देने के दावे कर रहा है, वहीं दूसरी ओर ट्रैक पर चल रहे मरम्मत और तकनीकी कार्य यात्रियों के लिए मुश्किलें बढ़ाने लगे हैं। लखनऊ मंडल के अंतर्गत आलमनगर से आलमबाग केबिन के बीच प्रस्तावित इंजीनियरिंग कार्य के चलते हरदोई होकर गुजरने वाली कई ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया गया है। रेलवे ने कुछ प्रमुख ट्रेनों को निर्धारित समय से देरी से चलाने के निर्देश जारी किए हैं।रेलवे प्रशासन के अनुसार 26 मई और 2 जून को होने वाले कार्य के कारण 22453 राज्यरानी एक्सप्रेस, जो लखनऊ जंक्शन से मेरठ सिटी के लिए रवाना होती है, दोनों दिन 20 मिनट की देरी से संचालित की जाएगी।

इन दो ट्रेनों को चलाया जाएगा विलंब से

इसके अलावा हरदोई होकर गुजरने वाली 13308 गंगा सतलुज एक्सप्रेस को 25 मई और 1 जून को मुरादाबाद मंडल क्षेत्र में 45 मिनट विलंब से चलाया जाएगा।इसी तरह 13006 पंजाब मेल के संचालन समय में भी बदलाव किया गया है। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि यह ट्रेन 25 मई और 1 जून को करीब 40 मिनट देरी से चलेगी। रेलवे की ओर से जारी सूचना के बाद यात्रियों में चिंता बढ़ गई है, क्योंकि भीषण गर्मी के बीच स्टेशन पर लंबे समय तक इंतजार करना परेशानी का कारण बन सकता है।प्रस्तावित कार्य स्थल पर सुरक्षा के मद्देनजर ट्रेनों की गति भी सीमित कर दी गई है।

रेलवे प्रशासन ने संबंधित ट्रैक पर 30 किलोमीटर प्रति घंटे की अस्थायी गति सीमा लागू की है, ताकि कार्य के दौरान किसी तरह की दुर्घटना की आशंका न रहे। हालांकि इससे ट्रेनों की रफ्तार प्रभावित होगी और यात्रियों को अतिरिक्त समय लग सकता है।यात्रियों का कहना है कि गर्मी के मौसम में ट्रेनों की देरी से यात्रा करना काफी मुश्किल हो जाता है। खासकर परिवार और बच्चों के साथ सफर करने वाले यात्रियों को अधिक परेशानी का सामना करना पड़ता है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी जरूर प्राप्त कर लें ताकि अनावश्यक असुविधा से बचा जा सके।

Shalini singh

Shalini singh

Mail ID - Shalinisingh34678346@gmail.com

Next Story