Hardoi News: मुख्यमंत्री तक पहुंची सांडी रेल लाइन की मांग, चुनाव से पहले काम शुरू होने का आश्वासन

Hardoi News: हरदोई के सांडी क्षेत्र की वर्षों पुरानी रेल लाइन परियोजना की मांग अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक पहुंच गई है। संघर्ष समिति के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर परियोजना की आवश्यकता बताई

Pulkit Sharma
Published on: 30 May 2026 9:12 PM IST
Hardoi News: मुख्यमंत्री तक पहुंची सांडी रेल लाइन की मांग, चुनाव से पहले काम शुरू होने का आश्वासन
X

Hardoi News

Hardoi News: हरदोई जनपद की लंबे समय से लंबित सांडी रेल लाइन परियोजना एक बार फिर चर्चा के केंद्र में आ गई है। सोशल मीडिया पर लगातार उठ रही मांग अब प्रदेश के सर्वोच्च स्तर तक पहुंच चुकी है, जिससे क्षेत्र के लोगों में नई उम्मीद जगी है। सांडी रेल लाओ संघर्ष समिति द्वारा लाए जा रहे अभियान को अब जनसमर्थन के साथ-साथ राजनीतिक स्तर पर भी मजबूती मिलने लगी है।संघर्ष समिति के अध्यक्ष डॉ. पंकज त्रिवेदी ने बताया कि हाल ही में उनकी मुलाकात प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से हुई, जिसमें सांडी रेल लाइन परियोजना को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान सांडी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक प्रभाष कुमार तथा पूर्व विधायक विजय शंकर द्विवेदी भी मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को रेल लाइन की आवश्यकता, क्षेत्रीय विकास में इसकी भूमिका और इससे मिलने वाले सामाजिक एवं आर्थिक लाभों की जानकारी दी।

मुख्यमंत्री की ओर से मिले सकारात्मक संकेतों ने क्षेत्रवासियों में उत्साह बढ़ा दिया है

डॉ. त्रिवेदी के अनुसार मुख्यमंत्री ने पूरी बात गंभीरता से सुनी और परियोजना के महत्व को समझते हुए सकारात्मक रुख अपनाया। बातचीत के दौरान उन्हें बताया गया कि सांडी क्षेत्र वर्षों से रेल संपर्क की मांग कर रहा है और रेल लाइन बनने से न केवल स्थानीय लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी, बल्कि व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के नए अवसर भी विकसित होंगे।उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया है कि आगामी विधानसभा चुनाव से पहले इस परियोजना पर कार्य शुरू कराने के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।

हालांकि परियोजना को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन मुख्यमंत्री की ओर से मिले सकारात्मक संकेतों ने क्षेत्रवासियों में उत्साह बढ़ा दिया है।बैठक में सांडी क्षेत्र से जुड़े अन्य विकास कार्यों और जनहित के मुद्दों पर भी चर्चा हुई। संघर्ष समिति ने क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा, जिन पर उन्होंने संबंधित विभागों के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई कराने का भरोसा दिया।सांडी रेल लाइन को लेकर चल रहा जनआंदोलन अब एक नए चरण में पहुंचता दिखाई दे रहा है। क्षेत्र के लोग उम्मीद जता रहे हैं कि वर्षों पुरानी यह मांग जल्द ही धरातल पर उतर सकेगी और सांडी को रेल नेटवर्क से जोड़ने का सपना साकार होगा।

Shalini singh

Shalini singh

News Publisher Mail ID - Shalinisingh34678346@gmail.com

उप संपादक | डिजिटल मीडिया पत्रकार

Next Story