TRENDING TAGS :
Hardoi News: छात्रा से अभद्रता का विरोध पड़ा भारी, संडीला में दबंगों ने परिवार पर किया जानलेवा हमला
Hardoi News: हरदोई के संडीला में छात्रा से अभद्रता का विरोध करना परिवार को भारी पड़ गया। दबंगों ने घर में घुसकर जानलेवा हमला किया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
Hardoi News(Photo-Social Media)
Hardoi News: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के संडीला कस्बे में छात्रा से कथित छेड़छाड़ का विरोध करना एक परिवार को भारी पड़ गया। आरोप है कि मोहल्ले में दबंगई कर रहे युवकों ने रंजिश मानते हुए परिवार पर हमला बोल दिया। धारदार हथियार से किए गए इस हमले में छात्रा का भाई, पिता और एक अन्य युवक घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
वहीं इस बाबत पीड़ित परिवार का कहना है कि दूसरे मोहल्ले के कुछ युवक लंबे समय से उनके इलाके में आकर घूमते थे और लड़कियों पर फब्तियां कसते थे। परिवार ने आरोप लगाया कि उनकी 13 वर्षीय बेटी, जो कक्षा नौ में पढ़ती है, स्कूल आने-जाने के दौरान इन युवकों की हरकतों से परेशान रहती थी। कई बार आरोपी बाइक लेकर घर के आसपास खड़े रहते और अशोभनीय व्यवहार करते थे। बताया कि करीब दो सप्ताह पहले मोहल्ले के लोगों ने इन युवकों को समझाकर वहां से भगा दिया था। तभी से आरोपी परिवार से नाराज चल रहे थे और लगातार धमकी दे रहे थे।
वहीं मंगलवार रात यह मामला उस समय बढ़ गया जब छात्रा का 18 वर्षीय भाई दुकान से सामान लेकर घर लौट रहा था। घर के बाहर मौजूद युवकों को देखकर उसने विरोध जताया। इसी बात पर विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। युवक को बचाने पहुंचे उसके पिता और पास में मौजूद एक अन्य युवक भी हमले की चपेट में आ गए।
वहीं इस घटना के दौरान मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए हमलावरों से हथियार छीन लिया, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जबकि एक घायल का प्राथमिक उपचार कराया गया।
वहीं सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कब्जे में लिए गए हथियार को अपने साथ ले गई। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।


