Hardoi News: बारह दिन से लापता सरिता का नहीं मिला सुराग, पिता पहुंचेंगे एसपी के दरबार

Hardoi News: हरदोई के पिहानी क्षेत्र से 19 वर्षीय सरिता लापता है। 23 अगस्त को नामजद रिपोर्ट दर्ज होने के बाद भी 12 दिन में सुराग नहीं मिला, पिता एसपी से मिलेंगे।

Pulkit Sharma
Published on: 4 Sept 2026 5:13 PM IST
Sarita missing for 12 days not found clue
X

बारह दिन से लापता सरिता का नहीं मिला सुराग, पिता पहुंचेंगे एसपी के दरबार (Photo- Newstrack)

Hardoi News: हरदोई जिले में महिला सुरक्षा और मिशन शक्ति को लेकर लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं, लेकिन पिहानी क्षेत्र से सामने आया एक मामला इन दावों पर सवाल खड़े कर रहा है। कोतवाली पिहानी क्षेत्र के एक गांव से करीब 19 वर्षीय युवती के लापता होने के बाद उसका वृद्ध पिता पिछले कई दिनों से बेटी की तलाश में अधिकारियों और पुलिस के चक्कर काट रहा है। आरोप है कि शिकायत देने के बावजूद पुलिस ने शुरुआत में मुकदमा दर्ज करने में भी आनाकानी की। काफी प्रयास के बाद 23 अगस्त को रिपोर्ट दर्ज हुई, लेकिन इसके बाद भी युवती का कोई सुराग नहीं लग सका है।ग्राम काला बेड़ (गुजुआखेड़ा) निवासी सुभाष पुत्र चेतराम के मुताबिक उसकी बेटी सरिता 19 अगस्त 2026 की शाम करीब चार बजे खेतों की ओर शौच के लिए गई थी। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटी। परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला।


नामजद है आरोपी फिर भी पुलिस की पकड़ से दूर

पीड़ित पिता का आरोप है कि गांव का ही सचिन पुत्र लालाराम उसकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। उसने यह भी आशंका जताई है कि युवती को ले जाने में गांव के कुछ अन्य लोगों की भूमिका हो सकती है। मामले की जानकारी पुलिस को दिए जाने के बाद भी तत्काल कार्रवाई नहीं होने से परिवार की चिंता बढ़ती चली गई।सुभाष का कहना है कि पहले शिकायत के बावजूद मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। इसके बाद उसे जनप्रतिनिधियों और अन्य जिम्मेदार लोगों की चौखट तक जाना पड़ा। दबाव बनने के बाद 23 अगस्त को पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया।

मगर एफआईआर दर्ज हुए करीब 12 दिन गुजर जाने के बाद भी बेटी की बरामदगी नहीं हो सकी है।परिजनों का आरोप है कि नामजद व्यक्ति के खिलाफ भी पुलिस ने अभी तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं की है। बेटी के लापता होने के बाद से वृद्ध पिता लगातार उसकी तलाश में भटक रहा है। उसका कहना है कि बेटी कहां है और किस हालत में है, इसकी चिंता हर पल सताती रहती है।पीड़ित सुभाष ने बताया कि अब वह सोमवार को पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा से मिलकर पूरे मामले की जानकारी देगा और बेटी की जल्द बरामदगी तथा आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करेगा। मामला पुलिस की जांच के बाद ही पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगा।

Pulkit Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Pulkit Sharma

pulkitsharma@newstracksite.vocalwire.com
Next Story