TRENDING TAGS :
Hardoi News: नगर पालिका के ईओ दो लाख रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार, सतर्कता टीम की बड़ी कार्रवाई
Hardoi News: हरदोई की शाहाबाद नगर पालिका में सतर्कता टीम ने ईओ कृष्ण कुमार सोनकर को दो लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा, भ्रष्टाचार अधिनियम में केस दर्ज।
नगर पालिका के ईओ दो लाख रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार, सतर्कता टीम की बड़ी कार्रवाई (Photo- Newstrack)
Hardoi News: हरदोई जिले की शाहाबाद नगर पालिका परिषद में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया जब अधिशासी अधिकारी (ईओ) कृष्ण कुमार सोनकर को उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने कथित रूप से दो लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद नगर पालिका और प्रशासनिक हलकों में दिनभर इस मामले की चर्चा होती रही।
मामले की शुरुआत एक शिकायत से हुई। सदर बाजार, हरदोई निवासी सुदेश कुमार गुप्ता ने सतर्कता अधिष्ठान, लखनऊ सेक्टर के पुलिस अधीक्षक को शिकायत देकर आरोप लगाया था कि उनकी फर्म लंबे समय से नगर पालिका परिषद शाहाबाद में विद्युत आपूर्ति और संबंधित कार्य कर रही है। फर्म के कई कार्यों का भुगतान काफी समय से लंबित था।
शिकायतकर्ता का आरोप था कि बकाया भुगतान जारी करने के एवज में अधिशासी अधिकारी कृष्ण कुमार सोनकर ने दो लाख रुपये की रिश्वत की मांग की। साथ ही यह भी कहा गया कि पूर्व में हुए भुगतानों पर कमीशन नहीं दिया गया है, इसलिए बिना रिश्वत दिए बकाया बिलों का भुगतान नहीं किया जाएगा। शिकायतकर्ता ने रिश्वत देने से इनकार करते हुए पूरे मामले की जानकारी सतर्कता विभाग को दी।
आरोपी अधिकारी हिरासत में
मौके पर ही आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए और आरोपी अधिकारी को हिरासत में ले लिया शिकायत मिलने के बाद सतर्कता अधिष्ठान ने मामले की गोपनीय जांच कराई। जांच के दौरान लगाए गए आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। इसके बाद लखनऊ सेक्टर की ट्रैप टीम ने कार्रवाई की योजना तैयार की।
सोमवार को टीम ने जाल बिछाकर कार्रवाई की और आरोप है कि जैसे ही शिकायतकर्ता ने अधिशासी अधिकारी को दो लाख रुपये दिए, उसी समय सतर्कता टीम ने उन्हें पकड़ लिया। टीम ने मौके पर ही आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए और आरोपी अधिकारी को हिरासत में ले लिया।
मुकदमा दर्ज
सतर्कता अधिष्ठान के अधिकारियों के अनुसार, कृष्ण कुमार सोनकर के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। गिरफ्तारी के बाद उनसे पूछताछ भी की जा रही है ताकि मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाई जा सके।
इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। वहीं नगर पालिका से जुड़े ठेकेदारों और स्थानीय लोगों के बीच भी इस मामले को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है। अब सभी की नजर जांच एजेंसियों की अगली कार्रवाई और न्यायिक प्रक्रिया पर टिकी हुई है।


